scorecardresearch
Tuesday, 14 April, 2026
होमदेशमध्य प्रदेश : थाने पर हमला करके तीन आरोपियों को हिरासत से छुड़ा ले गए हमलावर, चार पुलिसकर्मी घायल

मध्य प्रदेश : थाने पर हमला करके तीन आरोपियों को हिरासत से छुड़ा ले गए हमलावर, चार पुलिसकर्मी घायल

Text Size:

बुरहानपुर (मध्यप्रदेश), सात अप्रैल (भाषा) मध्य प्रदेश के बुरहानपुर जिले में 60 से अधिक लोगों ने शुक्रवार तड़के एक पुलिस थाने में घुस कर वहां ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया और इसके बाद एक ईनामी डकैत सहित तीन आरोपियों को हिरासत से छुड़ा कर अपने साथ ले गए। यह जानकारी एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने दी।

उन्होंने कहा कि यह घटना आज तड़के करीब तीन बजे नेपानगर थाने में हुई और हमलावरों ने पुलिस के कई वाहनों में तोड़फोड़ भी की।

अधिकारी ने बताया कि इस हमले में चार पुलिसकर्मी घायल हुए है जिन्हें इलाज के लिए बुरहानपुर में निजी अस्पताल में भर्ती किया गया है।

पुलिस अधीक्षक राहुल कुमार लोढ़ा ने बताया कि हमलावर गिरफ्तार किये गये 32,000 रूपये के इनामी डकैत हेमा मेघवाल (40), मगन पटेल और एक अन्य युवक को अपने साथ ले गए। इन तीनों को कुछ दिन पहले गिरफ्तार किया गया था।

उन्होंने कहा, ‘‘रात के समय इस थाने में चार पुलिसकर्मी ड्यूटी पर तैनात थे। हमला करने वाले 60 से अधिक लोग थे, जिन्हें सीसीटीवी फुटेज में देखा गया है। इन पर कड़ी कार्रवाई होगी।’’

लोढ़ा ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच जारी है।

एक अधिकारी ने बताया कि घटना की जानकारी लगने के बाद पुलिस अधीक्षक लोढ़ा, जिलाधिकारी भव्या मित्तल समेत अन्य अधिकारी नेपानगर थाने पहुंचे और मौके का मुआयना किया।

भाषा सं रावतरावत

रावत जोहेब

जोहेब

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments