scorecardresearch
Saturday, 25 April, 2026
होमदेशअर्थजगतबीते साल खेल प्रायोजन बढ़कर 5,900 करोड़ रुपये पर, क्रिकेट की हिस्सेदारी 85 प्रतिशत : रिपोर्ट

बीते साल खेल प्रायोजन बढ़कर 5,900 करोड़ रुपये पर, क्रिकेट की हिस्सेदारी 85 प्रतिशत : रिपोर्ट

Text Size:

नयी दिल्ली, चार अप्रैल (भाषा) खेल आयोजनों और खिलाड़ियों के प्रायोजन पर खर्च 2022 में दोगुना होकर 5,907 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। इसमें क्रिकेट का दबदबा एक बार फिर देखा गया। एक रिपोर्ट में मंगलवार को यह जानकारी दी गई है।

मीडिया एजेंसी ग्रुपम की रिपोर्ट में कहा गया है कि खेल हस्तियों ने 2022 में 729 करोड़ रुपये की कमाई की, जो पिछले साल के मुकाबले 20 प्रतिशत अधिक है। सर्वाधिक कमाई करने वाले खिलाड़ियों में विराट कोहली, एम एस धोनी, रोहित शर्मा, सचिन तेंदुलकर, नीरज चोपड़ा और पीवी सिंधु शामिल हैं।

एजेंसी ने अनुमान जताया कि खेलों पर कुल खर्च 14,000 करोड़ रुपये रहा, जो इससे पिछले साल 9,500 करोड़ रुपये था।

रिपोर्ट के मुताबिक खेल के मैदान, टीम और फ्रेंचाइजी पर 3,021 करोड़ रुपये खर्च हुए, जो 2021 के मुकाबले 105 प्रतिशत अधिक है। इसके साथ कुल प्रायोजन खर्च बढ़कर 5,907 करोड़ रुपये हो गया।

रिपोर्ट में कहा गया है कि कुल खेल प्रायोजन में क्रिकेट की 85 प्रतिशत हिस्सेदारी है। 2022 में खेल आयोजनों के कुल खर्च में हुई बढ़ोतरी में आईपीएल मैचों की संख्या बढ़ने, आईपीएल में दो नई टीमों को शामिल करने, आईसीसी टी20 विश्व कप, एशिया कप, फीफा विश्व कप और नए खेल आयोजनों की प्रमुख भूमिका रही।

ग्रुपम ने कहा कि खेलों पर खर्च 14 प्रतिशत की सालाना दर से बढ़ रहा है, जिससे यह अर्थव्यवस्था के बेहतर प्रदर्शन करने वाले क्षेत्रों में से एक बन गया है।

एजेंसी के दक्षिण एशिया के मुख्य कार्यकारी प्रशांत कुमार ने कहा, ‘‘महामारी की चुनौतियों के बावजूद, 2022 में खेल उद्योग का असाधारण प्रदर्शन इसकी जुझारू क्षमता और अटूट प्रतिबद्धता को दर्शाता है।’’

रिपोर्ट के मुताबिक, विराट कोहली, एम एस धोनी और रोहित शर्मा जैसे खिलाड़ियों को 30 से अधिक ब्रांड का समर्थन हासिल है। इन्होंने 2022 में नए ब्रांड भी जोड़े। ब्रांड से जुड़ाव के लिहाज से हार्दिक पांड्या, जसप्रीत बुमराह, के एल राहुल और सूर्य कुमार यादव भी प्रमुखता से उभरे हैं।

भाषा पाण्डेय अजय

अजय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments