scorecardresearch
Tuesday, 31 March, 2026
होमदेशकानून व्यवस्था के मोर्चे पर पूरी तरह विफल रही आप सरकार : केंद्रीय मंत्री गजेंद्र शेखावत

कानून व्यवस्था के मोर्चे पर पूरी तरह विफल रही आप सरकार : केंद्रीय मंत्री गजेंद्र शेखावत

Text Size:

चंडीगढ़, एक अप्रैल (भाषा) केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने शनिवार को आरोप लगाया कि पंजाब सरकार कानून-व्यवस्था के मोर्चे पर ‘पूरी तरह से विफल’ रही है और आम आदमी पार्टी (आप) के सीमावर्ती राज्य को संभालने में सक्षम न होने की आशंका सच साबित हुई है।

केंद्रीय जल शक्ति मंत्री ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कहा था कि अगर ‘आप’ पंजाब में सत्ता में आती है तो राज्य में स्थिति नियंत्रण से बाहर हो सकती है।

शेखावत यहां एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे, जिसमें जालंधर के पूर्व पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) राजिंदर सिंह ने 10 मई को होने वाले जालंधर लोकसभा उपचुनाव से पहले भाजपा का दामन थाम लिया।

जनवरी में कांग्रेस नेता संतोख सिंह चौधरी के निधन के बाद यह सीट खाली हुई है।

शेखावत ने आरोप लगाया कि कबड्डी खिलाड़ी की गोली मारकर हत्या, कलाकारों, व्यापारियों, बिल्डरों और प्रमुख नागरिकों को जबरन वसूली कॉल और धमकियां मिल रही हैं तथा मादक पदार्थ एवं बंदूक माफिया पंजाब में हावी हैं।

उन्होंने कहा, “कानून व्यवस्था के मोर्चे पर पंजाब सरकार पूरी तरह विफल हो चुकी है। खडूर साहिब में हमलावरों ने एक ग्रंथी का पैर काट दिया। क्या इससे ज्यादा बर्बरता और कुछ हो सकती है? कानून व्यवस्था की स्थिति ठीक करने के लिए सरकार को कदम उठाने चाहिए।”

राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति नियंत्रण में होने के मान सरकार के दावे को लेकर पूछे जाने पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि वे (आप सरकार) खुद को एक प्रमाण पत्र दे सकते हैं, “लेकिन यह मायने रखता है कि आम लोग क्या महसूस कर रहे हैं”।

उन्होंने आरोप लगाया कि लोग डर के साये में जी रहे हैं।

शेखावत ने राज्य सरकार द्वारा किये गये वादों को कथित रूप से पूरा नहीं करने को लेकर भी ‘आप सरकार’ पर हमला किया।

भाषा जितेंद्र जितेंद्र सुरेश

सुरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments