इंफाल, 31 मार्च (भाषा) मणिपुर सरकार ने चंदेल जिले के अधिकारियों से म्यांमा छोड़कर आ रहे लोगों के लिए गंफाजोल गांव में आश्रय शिविर स्थापित करने को कहा है।
आदिवासी कार्य और पर्वतीय विकास मंत्री लेतपाओ हाओकिप ने बृहस्पतिवार को गफाजोल गांव का दौरा किया और म्यांमा से आये 100 से अधिक प्रवासियों से बातचीत की।
हाओकिप ने अधिकारियों से अस्थायी आश्रय शिविर बनाने और उसके चारों ओर कांटेदार बाड़ लगाने को कहा है।
हाओकिप को मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह के निर्देश पर हाल में नवगठित कैबिनेट उप-समिति का प्रमुख बनाया गया था।
राज्य के विधि मंत्री थूनाओजाम बसंत सिंह और जल संसाधन और राहत तथा आपदा प्रबंधन मंत्री अवांगवो न्यूमाई भी उप-समिति के सदस्य हैं।
हाओकिप ने बाद में मीडिया से कहा, ‘‘अस्थायी आश्रय शिविर का निर्माण शुरू हो गया है जहां प्रवासियों को भोजन, दवाएं और अन्य जरूरी सामान प्रदान किया जाएगा।’’
इस बीच चंदेल के उपायुक्त मयंगलमबाम राजकुमार ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘हम प्रवासियों के सत्यापन की प्रक्रिया चला रहे हैं। हमें लगता है कि म्यांमा के करीब 400 से 600 लोग चंदेल जिले में शरण मांग रहे हैं लेकिन हम सही-सही आंकड़ा नहीं बता सकते क्योंकि आधिकारिक कामकाज चल रहा है।’’
भाषा वैभव पवनेश
पवनेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
