भुवनेश्वर, 21 मार्च (भाषा) ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने मंगलवार को कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले विपक्षी मोर्चा बनाने पर अभी तक कोई चर्चा नहीं हुई है।
पटनायक का यह बयान बृहस्पतिवार को तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी के साथ उनकी निर्धारित ‘‘शिष्टाचार मुलाकात’’ से पहले आया है। यह पूछे जाने पर कि क्या पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री के साथ ‘तीसरा मोर्चा’ बनाने पर कोई चर्चा होने वाली है, बीजू जनता दल (बीजद) अध्यक्ष ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘अभी तक कुछ भी चर्चा नहीं हुई है।’’
तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस दोनों से दूरी बनाए रखने का फैसला किया है और बनर्जी ने पिछले हफ्ते कोलकाता में समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रमुख अखिलेश यादव के साथ बैठक की थी।
सपा भी दोनों प्रमुख राजनीतिक खेमों से समान दूरी बनाए रखने की नीति का पालन कर रही है।
टीएमसी सुप्रीमो तीन दिवसीय दौरे पर मंगलवार शाम ओडिशा पहुंचीं, इस दौरान वह पुरी के जगन्नाथ मंदिर में पूजा-अर्चना भी करेंगी। भुवनेश्वर रवाना होने से पहले बनर्जी ने कोलकाता हवाई अड्डे पर पत्रकारों से कहा कि वह पटनायक के साथ ‘शिष्टाचार मुलाकात’ करेंगी।
भाषा आशीष अविनाश
अविनाश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
