रूद्रपुर (उत्तराखंड), 21 मार्च (भाषा) पंजाब पुलिस की कार्रवाई के बाद फरार कथित खालिस्तान समर्थक अमृतपाल सिंह तथा उसके सहयोगियों की तलाश में उत्तराखंड पुलिस भी मंगलवार को दिन भर ऊधमसिंह नगर जिले के गुरुद्वारों, होटलों और भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र को छानती रही ।
नगर पुलिस अधीक्षक मनोज कत्याल ने यहां बताया कि जिले भर में पुलिस इन वांछित अपराधियों की पोस्टरों के माध्यम से तथा उनका हुलिया बता कर तलाश करती रही और इनके संभावित ठिकानों पर कड़ी नज़र बनाये हुए है ।
उन्होंने बताया कि पंजाब पुलिस से अमृतपाल सिंह के अपने साथियों के साथ विदेश भागने की फिराक में होने की जानकारी मिलने के बाद उत्तराखंड में उसकी तलाश की जा रही है।
कत्याल ने बताया कि पुलिस के साथ ही खुफिया एजेंसियां भी स्थिति पर नज़र बनाये हुए हैं और इसके लिए पुलिस नाकेबंदी करके वाहनों की सघन तलाशी भी ले रही है। भारत- नेपाल सीमा पर भी पैनी नज़र रखी जा रही है जिससे वह यहां के रास्ते नेपाल न भाग सके ।
विभिन्न स्थानों पर लगाए गए पोस्टर में कहा गया है कि अमृतपाल सिंह, पपलप्रीत, हरप्रीत, विक्रमजीत सिंह और हरजीत सिंह पंजाब पुलिस द्वारा वांछित हैं जो हथियारों से लैस हैं एवं शातिर अपराधी हैं । यह भी बताया गया है कि पंजाब पुलिस द्वारा इनके लिए ‘लुकआउट’ नोटिस जारी किया गया है और इन्हें शरण देने तथा सहायता करने वालों के विरूद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी ।
भाषा सं दीप्ति दीप्ति नोमान
नोमान
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
