scorecardresearch
Sunday, 29 March, 2026
होमदेशचौहान ने ओलावृष्टि से प्रभावित गांवों का दौरा किया, फसल नुकसान के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा की

चौहान ने ओलावृष्टि से प्रभावित गांवों का दौरा किया, फसल नुकसान के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा की

Text Size:

भोपाल, 21 मार्च (भाषा) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंगलवार को विदिशा जिले के गांवों में ओलावृष्टि और बेमौसम बारिश से खराब हुई फसलों का जायजा लिया और किसानों के लिए अन्य राहत उपायों के साथ 50 प्रतिशत फसल का नुकसान होने की स्थिति में 32 हजार रुपये प्रति हेक्टेयर वित्तीय सहायता देने की घोषणा की।

आधिकारिक सूत्रों ने यात्रा के दौरान चौहान के हवाले से बताया कि फसल बीमा योजना के तहत भुगतान किसानों को अलग से किया जाएगा।

सूत्रों ने कहा कि चौहान ने अधिकारियों को बागवानी फसलों को हुए नुकसान का आकलन करने का भी निर्देश दिया ताकि प्रभावित किसानों को मुआवजा दिया जा सके।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने गुलाबगंज तहसील के अंतर्गत आने वाले गांवों में क्षतिग्रस्त फसलों का जायजा लिया और प्रभावित किसानों को आश्वासन दिया कि नुकसान की भरपाई के लिए एक व्यापक सर्वेक्षण किया जाएगा।

चौहान ने अधिकारियों से कहा कि वे पारदर्शी तरीके से सर्वेक्षण करें और लाभार्थियों की सूची पंचायत भवनों पर प्रदर्शित करें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 50 प्रतिशत से अधिक फसल नुकसान की स्थिति में किसानों को 32 हजार रुपये प्रति हेक्टेयर की सहायता दी जाएगी। गाय/ भैंस के नुकसान के लिए 37,500 रुपये प्रति मवेशी, बछिया के लिए 20 हजार रुपये, भेड़ और बकरी के लिए चार हजार रुपये और मरने वाले मुर्गा और मुर्गियों के लिए सौ रुपये प्रति की दर से भुगतान किया जायेगा।

उन्होंने कहा कि किसानों के घरों को हुए नुकसान का भी मुआवजा दिया जायेगा।

चौहान ने किसानों को आश्वासन दिया कि ऋण वसूली की तिथि को आगे बढ़ाया जायेगा तथा कृषि ऋण का ब्याज सरकार भरेगी। सूत्रों ने कहा कि अगली फसल तक उन्हें शून्य प्रतिशत ब्याज दर पर ऋण दिया जाएगा।

उन्होंने आगे कहा कि न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर फसल खरीदने की समय सीमा को बढ़ाया जाएगा और प्रभावित किसानों की बेटियों की शादी मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत की जाएगी जिसमें पात्र परिवार को 56 हजार रुपये देने का प्रावधान है।

भाषा दिमो

रंजन

रंजन

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments