scorecardresearch
Saturday, 11 April, 2026
होमदेशअर्थजगतहिमाचल प्रदेश आर्थिक समीक्षा: 2022-23 में 6.4 प्रतिशत वृद्धि का अनुमान

हिमाचल प्रदेश आर्थिक समीक्षा: 2022-23 में 6.4 प्रतिशत वृद्धि का अनुमान

Text Size:

शिमला, 16 मार्च (भाषा) वित्त वर्ष 2022-23 के दौरान हिमाचल प्रदेश के सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) में स्थिर मूल्य पर 6.4 प्रतिशत या 8,143 करोड़ रुपये की वार्षिक वृद्धि होने का अनुमान है।

राज्य की अर्थव्यवस्था स्थिर कीमतों पर 2021-22 में 7.6 प्रतिशत की दर से बढ़ी थी।

मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू द्वारा बृहस्पतिवार को विधानसभा में पेश आर्थिक समीक्षा के मुताबिक, वित्त वर्ष 2022-23 में स्थिर मूल्य (2011-12) पर सकल घरेलू उत्पाद 1,34,576 करोड़ रुपये आंका गया है। वित्त वर्ष 2021-22 के लिए शुरुआती जीडीपी अनुमान 1,26,433 करोड़ रुपये है।

इस तरह चालू कीमतों पर जीडीपी के 2022-23 में 1,95,404 करोड़ रुपये रहने का अनुमान है, जो इससे पिछले साल 1,76,269 करोड़ रुपये था। इस तरह चालू कीमतों पर जीडीपी में 19,135 करोड़ रुपये की वृद्धि अनुमानित है।

समीक्षा के मुताबिक, चालू कीमतों पर जीडीपी वृद्धि 2022-23 में 10.9 प्रतिशत रह सकती है, जो 2021-22 में 13.5 प्रतिशत थी।

वित्त वर्ष 2022-23 में प्रति व्यक्ति आय (पीसीआई) के सालाना आधार पर 10.4 प्रतिशत बढ़कर 2,22,227 रुपये (चालू कीमतों पर) होने का अनुमान है।

राज्य में बेरोजगार की दर चार प्रतिशत है, जबकि राष्ट्रीय स्तर पर यह 4.1 प्रतिशत है।

भाषा पाण्डेय अजय

अजय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments