गुवाहाटी, 13 मार्च (भाषा) असम के कोकराझार जिले में एक व्यक्ति को अपने यूट्यूब चैनल पर पैराकीट तोते (लंबी पूछ वाला छोटा तोता) बेचने की पेशकश करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। यह जानकारी एक वन अधिकारी ने सोमवार को दी।
अधिकारी ने बताया कि आरोपी को गोसाईगांव पुलिस ने पकड़ा और बाद में वन विभाग को सौंप दिया।
काचुगांव के प्रभागीय वन अधिकारी (डीएफओ) भानु सिन्हा ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि आरोपी जाहिदुल इस्लाम को पीपल फॉर एथिकल ट्रीटमेंट ऑफ एनिमल्स (पेटा) की शिकायत के आधार पर गिरफ्तार किया गया है।
सिन्हा ने बताया, ‘‘शिकायत मिलने के बाद, स्थानीय पुलिस के साथ-साथ हमारे विभाग ने उस व्यक्ति का पता लगाया। उसे पुलिस ने शुक्रवार को गोसाईगांव से गिरफ्तार किया और अगले दिन हमें सौंप दिया।’’
अधिकारी ने बताया कि व्यक्ति को उसी दिन स्थानीय अदालत में पेश किया गया और जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
सिन्हा ने बताया, ‘‘इस्लाम से दो तोते बरामद किए गए। जांच के बाद किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता का पता चलेगा।’’
वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 के तहत पैराकीट तोते को पकड़ना और बेचना अवैध है।
भाषा जितेंद्र अमित
अमित
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
