scorecardresearch
Thursday, 26 February, 2026
होमदेशचौधरी ने बिरला से राजनाथ और जोशी की टिप्पणियां कार्यवाही से हटाने का आग्रह किया

चौधरी ने बिरला से राजनाथ और जोशी की टिप्पणियां कार्यवाही से हटाने का आग्रह किया

Text Size:

नयी दिल्ली, 13 मार्च (भाषा) कांग्रेस के वरिष्ठ नेता नेता अधीर रंजन चौधरी ने सोमवार को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से आग्रह किया कि राहुल गांधी के एक बयान को लेकर सदन में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी द्वारा की गई टिप्पणियों को कार्यवाही से हटाया जाए।

बिरला को लिखे पत्र में लोकसभा में कांग्रेस के नेता चौधरी ने कहा कि प्रश्नकाल के दौरान रक्षा मंत्री ने राहुल गांधी के बयान को लेकर कुछ टिप्पणियां कीं।

उनका कहना था, ‘‘संसदीय कार्य मंत्री ने भी इस विषय पर कुछ टिप्पणियां कीं। संसदीय कार्य मंत्री द्वारा की गई टिप्पणियां ठीक नहीं थीं और ये असंसदीय थीं।’’

चौधरी ने नियम 352 का हवाला दिया जिसके मुताबिक, कोई सदस्य बोलते समय सदन के किसी अन्य सदस्य की नीयत पर आरोप लगाकर व्यक्तिगत संदर्भ नहीं देगा।

उन्होंने कहा, ‘‘ नियम 353 में यह भी कहा गया है कि मानहानि वाले या आपत्तिजनक प्रकृति का कोई आरोप तब तक नहीं लगाया जाएगा, जब तक कि सदस्य ने अध्यक्ष को पर्याप्त नोटिस नहीं दिया हो। इसके साथ ही, 357 में यह प्रावधान किया गया कि अध्यक्ष किसी सदस्य को व्यक्तिगत स्पष्टीकरण देने की अनुमति देगा यदि उसके खिलाफ कुछ आरोप लगाया गया है।’’

चौधरी ने लोकसभा अध्यक्ष से आग्रह किया कि सिंह और जोशी की टिप्पणियों को कार्यवाही से हटाया जाए।

उल्लेखनीय है कि राहुल गांधी द्वारा भारतीय लोकतंत्र को लेकर लंदन में की गई टिप्पणी के सिलसिले में भारतीय जनता पार्टी ने संसद के दोनों सदनों में कांग्रेस पर निशाना साधा और पार्टी के पूर्व अध्यक्ष से माफी की मांग की। इसको लेकर दोनों सदनों की कार्यवाही बाधित हुई।

लोकसभा में रक्षा मंत्री एवं सदन के उपनेता राजनाथ सिंह ने कहा कि राहुल गांधी ने लंदन में जाकर भारत को बदनाम करने की कोशिश की है।

संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा कि भारत लोकतंत्र की जननी है और राहुल गांधी विदेशी धरती पर जाकर उसका अपमान कर रहे हैं।

भाषा

हक प्रशांत

प्रशांत

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments