scorecardresearch
Monday, 23 February, 2026
होमदेशमेरे पिता ने बचपन में मेरा यौन उत्पीड़न किया था: स्वाति मालीवाल

मेरे पिता ने बचपन में मेरा यौन उत्पीड़न किया था: स्वाति मालीवाल

Text Size:

(फोटो के साथ)

नयी दिल्ली, 11 मार्च (भाषा) दिल्ली महिला आयोग (डीसीडब्ल्यू) की प्रमुख स्वाति मालीवाल ने शनिवार को आरोप लगाया कि उनके पिता ने बचपन में उनका यौन उत्पीड़न किया था और इस आघात ने उन्हें महिलाओं के अधिकारों के वास्ते लड़ने के लिए प्रेरित किया था।

मालीवाल ने यहां डीसीडब्ल्यू अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पुरस्कार समारोह के बाद संवाददाताओं से कहा कि चौथी कक्षा तक उन्हें दुर्व्यवहार का सामना करना पड़ा था।

उन्होंने कहा, ‘‘जब मैं बच्ची थी तब मेरे पिता ने मेरा यौन उत्पीड़न किया था। मैं उस समय बहुत छोटी थी। मेरे पिता मुझे मारते थे और मैं खुद को बचाने के लिए पलंग (बेड) के नीचे छिप जाती थी।’’

उन्होंने कहा, ‘‘पलंग के नीचे छिपकर मैं सोचती थी, मैं ऐसे पुरुषों को कैसे सबक सिखाऊंगी जो महिलाओं और बच्चों के साथ दुर्व्यवहार करते हैं और मैं महिलाओं को उनका अधिकार दिलाने में कैसे मदद कर सकती हूं।’’

अपनी आपबीती सुनाते हुए मालीवाल ने कहा कि उनके पिता उनकी चोटी पकड़कर उनकी पिटाई करते थे, जिससे खून भी बहने लगता था। उन्होंने कहा, ‘‘यह तब तक हुआ जब तक मैं चौथी कक्षा में थी।’’

गौरतलब है कि अभिनेत्री एवं राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) की सदस्य खुशबू सुंदर ने हाल में कहा था कि आठ साल की उम्र में उनके पिता ने उनका यौन शोषण किया था।

भाषा

देवेंद्र पवनेश

पवनेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments