(फोटो के साथ)
(कुणाल दत्त)
नयी दिल्ली, आठ मार्च (भाषा) प्राची धबल देब ने एक वित्तीय विश्लेषक के रूप में अपना करियर शुरू किया था, लेकिन इस पेशे में उनका मन नहीं लगा तो उन्होंने ‘कन्फेक्शनरी’ यानी केक आदि बनाने के क्षेत्र में हाथ आजमाए।
पुणे में रहने वाली देब ने इटली के मिलान में स्थित गिरजाघर की तर्ज पर 100 किलो का एक केक बनाया था, जिसके लिए 2022 में उनका नाम प्रतिष्ठित वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज किया गया था। उन्होंने एक महीने के अंदर यह केक तैयार किया था।
पिछले दस वर्षों में धबल दो विश्व रिकॉर्ड स्थापित कर चुकी हैं और उन्होंने विशेषज्ञों के साथ साथ सामान्य लोगों को अपने उत्कृष्ट कार्यों से प्रभावित किया है। अपने कार्य के लिए उन्हें ‘कन्फेक्शनरी क्वीन’ भी कहा जाता है।
उन्होंने महिला दिवस पर फोन पर ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, “ इसका वजन लगभग 100 किलोग्राम था, और इसमें इस्तेमाल हुए सभी 1,500 टुकड़ों को मैंने खुद बहुत सावधानी से एक दूसरे पर रखा था। इस कलाकृति के निर्माण ने मुझे एक कलाकार के रूप में, एक महिला के रूप में और एक इंसान के रूप में विकसित होने में भी मदद की।”
लगभग 6.5 फीट लंबा, 4.5 फीट ऊंचा और 3.9 फीट चौड़ा यह केक फिलहाल पुणे में उनके स्टूडियो में रखा है।
देब ने कहा, “कलकत्ता विश्वविद्यालय में अपनी उच्च शिक्षा पूरी करने के बाद, मैंने नौकरी की, और मैं वह कर रही थी जो मैं करना चाहती थी। लेकिन किसी तरह, यह फायदेमंद नहीं लग रहा था। इसलिए, मैंने एक ब्रेक लिया और बेकरी व चित्रकारी का काम करना शुरू कर दिया। 2012 में मुझे एक पार्टी के लिए पहला ऑर्डर मिला, जिसके बाद से मैंने पीछे मुड़कर नहीं देखा।”
महिला दिवस के मौके पर उन्होंने कहा कि वह महिलाओं, विशेष रूप से युवतियों को यह संदेश देना चाहती हैं कि वे बड़ा सपना देखें और उन्हें पूरा करने में जुट जाएं।
देब ने कहा, “पहले एक अकादमिक डिग्री प्राप्त करें। अपनी शिक्षा पूरी करके एक मजबूत नींव रखें, और फिर अपने दिल की सुनें। अपने जुनून को पाने के लिए कोई भी फैसला लेने से डरें नहीं।”
भाषा जोहेब वैभव
वैभव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
