मुंबई, आठ मार्च (भाषा) महाराष्ट्र विधानसभा में बुधवार को पेश आर्थिक सर्वेक्षण 2022-23 के अनुसार राज्य की अर्थव्यवस्था वित्त वर्ष 2022-23 में 6.8 प्रतिशत की दर से बढ़ने की उम्मीद है।
गौरतलब है कि समान अवधि में भारतीय अर्थव्यवस्था के सात प्रतिशत की दर से बढ़ने का अनुमान है।
राज्य के वित्त मंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बजट पेश करने से एक दिन पहले विधानसभा में आर्थिक समीक्षा पेश किया। इसके अनुसार राज्य में कृषि और संबद्ध गतिविधियों के क्षेत्र में 10.2 प्रतिशत की वृद्धि होगी।
समीक्षा के मुताबिक उद्योग क्षेत्र में 6.1 प्रतिशत और सेवा क्षेत्र में 6.4 प्रतिशत की वृद्धि होने की उम्मीद है।
समीक्षा में कहा गया कि चालू कीमतों पर राष्ट्रीय जीडीपी में महाराष्ट्र की औसत हिस्सेदारी सबसे अधिक 14 प्रतिशत है।
भाषा पाण्डेय
पाण्डेय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
