scorecardresearch
Friday, 27 March, 2026
होमदेशउप्र : दो समुदायों के बीच पथराव के मामले में दो गिरफ्तार

उप्र : दो समुदायों के बीच पथराव के मामले में दो गिरफ्तार

Text Size:

मेरठ (उप्र), छह मार्च (भाषा) मेरठ के हरिनगर इलाके में मामूली विवाद को लेकर दो समुदायों के लोगों के बीच हुए पथराव में कम से कम छह लोगों के घायल होने के एक दिन बाद पुलिस ने सोमवार को इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रोहित सिंह सजवाण ने सोमवार को बताया कि सीसीटीवी फुटेज देखने के बाद पता लगा है कि झगड़ा होली के चन्दे को लेकर नहीं बल्कि शराब के नशे में हुआ है।

उन्होंने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में हिन्दू और मुस्लिम लड़के शराब के नशे में एक-दूसरे के गले में हाथ डालकर झूमते हुए दिख रहे हैं। उन्होंने बताया कि झगड़ा शराब पीकर हुआ है और होली से संबंधित कोई मामला नहीं है।

अधिकारी के अनुसार, घटना के संबंध में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। शेष की गिरफ्तारी के प्रयास किये जा रहे हैं। सजवाण ने कहा कि रविवार की घटना के बाद आज इलाके में पूरी तरह शांति रही।

शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सोमवार सुबह पुलिस अधीक्षक (नगर) पीयूष सिंह के साथ पुलिस और सुरक्षाबलों ने इलाके में फ्लैग मार्च किया।

उत्तर प्रदेश में मेरठ के हरिनगर इलाके में रविवार शाम मामूली विवाद के बाद दो समुदायों के सदस्यों ने एक-दूसरे पर पथराव किया, जिसमें कम से कम छह लोग घायल हो गए थे।

भाषा सं जफर शफीक

शफीक

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments