नयी दिल्ली, छह मार्च (भाषा) केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के खिलाफ कथित मानहानि मामले में एक स्थानीय अदालत में सोमवार को अपना बयान दर्ज कराया।
भाजपा नेता शेखावत ने अतिरिक्त मुख्य मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट (एसीएमएम) हरप्रीत सिंह के समक्ष अपना पक्ष रखा।
केंद्रीय जल शक्ति मंत्री ने अदालत को बताया कि गहलोत का बेटा चुनाव में उनसे (शेखावत से) हार गया था और इसी की हताशा में राजस्थान के मुख्यमंत्री उन पर झूठे आरोप लगा रहे हैं।
शेखावत ने दावा किया कि मुख्यमंत्री के बयानों से उनकी मानहानि हुई है।
अदालत ने मामले की आगे की कार्यवाही के लिए मंगलवार का दिन तय किया। अदालत ने इस मामले का संज्ञान चार मार्च को लिया था।
शेखावत ने अपनी शिकायत में दावा किया है कि गहलोत ने कथित ‘संजीवनी’ घोटाले में शामिल होने का आरोप लगाकर उन्हें बदनाम किया है।
गहलोत ने आरोप लगाया है कि शेखावत संजीवनी क्रेडिट कोऑपरेटिव सोसाइटी घोटाले में शामिल थे, जिसमें कुल 900 करोड़ रुपये से अधिक की ‘लूट’ की गई है, जो एक लाख से अधिक लोगों की जीवन भर की बचत थी।
शिकायत में शेखावत ने दावा किया है, ‘‘उनकी (शेखावत) प्रतिष्ठा को अपूरणीय क्षति हुई है।’
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि गहलोत केंद्रीय मंत्री की छवि खराब करने और उनके राजनीतिक करियर को नुकसान पहुंचाने के लिए अपमानजनक टिप्पणी कर रहे हैं।
भाषा सुरेश माधव
माधव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
