नयी दिल्ली, छह मार्च (भाषा) मैकलरेन स्ट्रैटेजिक वेंचर्स के शीर्ष कार्यकारी हितेश सेठिया अरबपति मुकेश अंबानी के समूह में शामिल हो रहे हैं। वह वहां वित्तीय सेवा कारोबार का नेतृत्व करेंगे। सूत्रों ने यह जानकारी दी।
इस बारे में टिप्पणी के लिए सेठिया से संपर्क नहीं हो सका, जबकि रिलायंस को भेजे गए ई-मेल का कोई जवाब नहीं आया।
हालांकि, सूत्रों ने कहा कि सेठिया के जियो फाइनेंशियल सर्विसेज में शामिल होने की संभावना है। हालांकि, सूत्रों ने यह नहीं बताया कि वह किस पद पर जा रहे हैं।
उनके लिंक्डइन प्रोफाइल के अनुसार, सेठिया फिलहाल, यूरोप- मैकलरेन स्ट्रैटेजिक वेंचर्स के प्रमुख हैं।
पिछले साल अक्टूबर में रिलायंस इंडस्ट्रीज ने कहा था कि वह अपनी वित्तीय सेवा इकाई को अलग करेगी और इसे शेयर बाजारों में सूचीबद्ध करेगी।
उसने कहा कि 21 अक्टूबर को ‘‘रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (आरआईएल) के निदेशक मंडल की बैठक में आरआईएल, रिलायंस स्ट्रैटेजिक इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड (आरएसआईएल) और उनके संबंधित शेयरधारकों और लेनदारों के बीच व्यवस्था की एक योजना को मंजूरी दी। इसके तहत आरआईएल अपने वित्तीय सेवा उपक्रम को आरएसआईएल के रूप में अलग कर देगी (जिसका नाम बदलकर जियो फाइनेंशल सर्विसेज लिमिटेड या जेएफएसएल कर दिया जाएगा)।
भाषा राजेश राजेश अजय
अजय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
