ईटानगर, छह मार्च (भाषा) अरुणाचल प्रदेश के कांग्रेस विधायक निनोंग इरिंग ने खतरे की आशंका जताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से देश में चीन निर्मित सीसीटीवी कैमरे पर प्रतिबंध लगाने का अनुरोध किया है।
पासीघाट पश्चिम के विधायक इरिंग ने रविवार को प्रधानमंत्री मोदी को लिखे एक पत्र में अपने घरों में चीनी सीसीटीवी कैमरे का उपयोग नहीं करने के लिए लोगों में जागरूकता पैदा करने के लिए एक अभियान शुरू करने का भी सुझाव दिया।
विधायक ने कहा कि आवश्यकतानुसार सीसीटीवी डेटा को सुरक्षित रखने के लिए सरकार स्वदेशी क्लाउड-आधारित सर्वर शुरू करने पर विचार कर सकती है।
उन्होंने अपने पत्र में कहा, ‘‘आईटी क्षेत्र में भारत के कौशल को देखते हुए, हम अपनी राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए इस खतरे से निपटने में सक्षम हैं।’’
मीडिया में आई एक खबर का हवाला देते हुए विधायक ने कहा कि देश में उपयोग किए जा रहे चीन निर्मित सीसीटीवी कैमरे बीजिंग द्वारा ‘‘आंख और कान’’ के रूप में इस्तेमाल किए जा सकते हैं।
भाषा
शफीक दिलीप
दिलीप
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
