बेलगावी (कर्नाटक), छह मार्च (भाषा) कर्नाटक कांग्रेस अध्यक्ष डी के शिवकुमार ने सोमवार को आरोप लगाया कि स्वयं के एक विधायक के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोपों का सामना कर रही राज्य की सत्ताधारी भाजपा आयकर और लोकायुक्त अधिकारियों पर विपक्षी दलों के लोगों को इसी तरह के मामलों में पकड़ने और उनके सहित कुछ नेताओं के आसपास रहने वाले व्यक्तियों पर कड़ी निगरानी रखने का दबाव बना रही है।
लोकायुक्त ने कथित रिश्वत मामले में भाजपा विधायक मदल विरुपाक्षप्पा के बेटे वी प्रशांत मदल से पिछले सप्ताह आठ करोड़ रुपये से अधिक की बेहिसाब नकदी बरामद की थी, जिससे मई में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी को अजीब स्थिति का सामना करना पड़ा।
शिवकुमार ने कहा, ‘‘वे (भाजपा) शर्मिंदा हैं, इसलिए कांग्रेस और जद (एस) के नेताओं को पकड़ने के लिए आयकर, लोकायुक्त और अन्य के अधिकारियों पर दबाव बनाया जा रहा है।’’
उन्होंने यहां संवाददाताओं से कहा कि अधिकारियों को उनके साथ ही कांग्रेस विधायक दल के नेता सिद्धरमैया और पार्टी के कार्यकारी अध्यक्षों सहित अन्य नेताओं के आसपास रहने वाले लोगों पर कड़ी नजर रखने को कहा गया है।
उन्होंने कहा, ‘‘कुछ अधिकारियों के पास इतनी रकम है कि मंत्रियों के पास भी उतना पैसा नहीं होगा, धनराशि कुछ अधिकारियों के पास रखी गई है, हमारे पास सारी जानकारी है।’’
लोकायुक्त के छापे के बाद कांग्रेस ने कथित भ्रष्टाचार को लेकर राज्य में सत्तारूढ़ भाजपा के खिलाफ अपनी लड़ाई के तहत 9 मार्च को सुबह 9 बजे से पूर्वाह्न 11 बजे तक दो घंटे के बंद का आह्वान किया है।
भाषा अमित माधव
माधव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
