औरंगाबाद, तीन मार्च (भाषा) ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) से लोकसभा सदस्य इम्तियाज़ जलील ने कहा कि उनकी पार्टी औरंगाबाद का नाम बदलकर छत्रपति संभाजीनगर करने के खिलाफ शनिवार से आंदोलन शुरू करेगी।
मराठवाड़ा के सबसे बड़े शहर और प्रमुख औद्योगिक केंद्र का नाम मराठा साम्राज्य के दूसरे शासक के नाम पर रखे जाने को फरवरी के अंत में अनुमति दी गई थी। इसी के साथ ही उस्मानाबाद का नाम भी बदलकर धाराशिव कर दिया गया है।
औरंगाबाद से सांसद जलील ने कहा कि उनकी पार्टी ने ‘महिला 20’ बैठक के मद्देनजर आंदोलन को स्थगित कर दिया था। ‘महिला 20’ कार्यक्रम भारत की जी 20 की अध्यक्षता का हिस्सा है।
जलील ने एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा, भूख हड़ताल की जाएगी और यह शनिवार पूर्वाह्न 11 बजे जिला कलेक्टर कार्यालय पर शुरू होगी।
उन्होंने दावा किया कि आंदोलन ‘किसी राजनीतिक दल का नहीं, बल्कि शहर के लोगों का होगा।’
भाषा नोमान माधव
माधव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
