नयी दिल्ली, 25 फरवरी (भाषा) जर्मनी के चांसलर ओलाफ शोल्ज ने भारत और यूरोपीय संघ (ईयू) के बीच द्विपक्षीय व्यापार को बढ़ावा देने के लिए प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि वह इसके जल्द क्रियान्वयन के लिए व्यक्तिगत तौर पर नजर रखेंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से व्यापक स्तर की वार्ता के बाद शोल्ज ने कहा कि एफटीए के पूरे होने और निवेश सुरक्षा समझौतों से भारत-जर्मनी व्यापार को बड़ा सहयोग मिलेगा। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के नेता इस समझौते को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
उन्होंने कहा, “हम यूरोपीय संघ और भारत में व्यापारिक संबंधों को और मजबूत करना चाहते हैं। इसके लिए हम एफटीए पर मजबूती से बात करते हैं। यह एक महत्वपूर्ण विषय है और इसे जल्द से जल्द पूरा करने के लिए मैं व्यक्तिगत रूप से जुड़ा रहूंगा।”
शोल्ज ने कहा कि भारत में लगभग 1,800 जर्मन कंपनियां कारोबार कर रही हैं और हजारों लोगों को नौकरियां दे रही हैं। उन्होंने कहा, “भारत के पास बहुत प्रतिभा है और हम उनके सहयोग से लाभ उठाना चाहते हैं। हम उस प्रतिभा को जर्मनी ले जाना चाहते हैं।”
उन्होंने यह भी कहा कि जर्मनी भारत और यूरोप में व्यापारिक संबंधों को और मजबूत करना चाहता है।
वहीं, प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि जर्मनी भारत में निवेश का महत्वपूर्ण स्रोत है। इसके अलावा वह यूरोप में भारत का सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार भी है।
मोदी ने कहा, “आज ‘मेक इन इंडिया’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ अभियानों के कारण देश में हर क्षेत्र में नए अवसर पैदा हो रहे हैं। इन अवसरों में जर्मनी का रुचि दिखाना हमारे लिए बहुत प्रेरणादायी है।”
भाषा अनुराग प्रेम
प्रेम
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
