चेन्नई, 25 फरवरी (भाषा) मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के सदस्यों ने जर्मन दार्शनिक और अर्थशास्त्री कार्ल मार्क्स पर की गई हालिया टिप्पणी को लेकर तमिलनाडु के राज्यपाल आर.एन. रवि की निंदा करते हुए शनिवार को यहां प्रदर्शन किया।
माकपा के प्रदेश सचिव के. बालाकृष्णन की अगुवाई में यहां विरोध-प्रदर्शन किया गया। इस दौरान बालाकृष्णन ने चेतावनी दी कि राज्यपाल रवि जहां भी जाएंगे, माकपा कार्यकर्ता उन्हें काले झंडे दिखाएंगे।
प्रदर्शन के बाद बालाकृष्णन ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘राज्यपाल का यह तर्क गलत है कि कार्ल मार्क्स के दृष्टिकोण ने भारत के विकास को प्रभावित किया। हम उन्हें कार्ल मार्क्स पर आधारित एक किताब भेजेंगे। उन्हें इसे पढ़ने दें और मार्क्स के बारे में जानने दें।’’
गौरतलब है कि 21 फरवरी को यहां राजभवन में आयोजित एक समारोह में राज्यपाल रवि ने एकात्म मानववाद संबंधी दीनदयाल उपाध्याय की किताब के तमिल संस्करण का लोकार्पण किया था। इस मौके पर रवि ने चार प्रमुख पश्चिमी विचारधाराओं – धर्मशास्त्र, डार्विन का सिद्धांत, कार्ल मार्क्स सिद्धांत और रूसो के सामाजिक सिद्धांत – पर प्रकाश डाला था और दावा किया था कि इसने ‘‘हमारी राष्ट्रीय प्रगति को नुकसान पहुंचाया।’’
भाषा शफीक माधव
माधव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.