चेन्नई, 18 फरवरी (भाषा) औद्योगिक और चिकित्सा गैसों की विनिर्माता कंपनी आईनॉक्स एयर प्रोडक्ट्स ने 150 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित अपने अति उच्च शुद्धता क्रायोजेनिक चिकित्सा ऑक्सीजन और औद्योगिक गैस संयंत्र में उत्पादन शुरू कर दिया है। कंपनी ने शनिवार को एक बयान में यह जानकारी दी।
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन ने यहां सचिवालय में आईनॉक्स एयर प्रोडक्ट्स की पांचवीं इकाई का उद्घाटन किया। आईनॉक्स एयर प्रोडक्ट्स के चेन्नई के बाहरी इलाके मनाली, सेलम, श्रीपेरुम्बुदूर और तिरुनेलवेली में भी ऐसे ही गैस संयंत्र हैं।
होसुर में स्थित गैस संयंत्र 20 महीने में ही शुरू हो गया। इस संयंत्र में तरल नाइट्रोजन और तरल आर्गन के साथ-साथ अति उच्च शुद्धता क्रायोजेनिक चिकित्सा ऑक्सीजन और औद्योगिक गैस का उत्पादन किया जाएगा।
नए संयंत्र का उद्घाटन होने के बाद तमिलनाडु में 100 से ज्यादा अस्पतालों की मेडिकल ऑक्सीजन की मांग पूरी होने के साथ औद्योगिकी इकाइयों में भी जरूरी गैसों की मांग पूरी होगी।
आईनॉक्स एयर प्रोडक्ट्स के निदेशक सिद्धार्थ जैन ने कहा, “हम मुख्यमंत्री स्टालिन के नेतृत्व वाली राज्य सरकार से मिलने वाले सहयोग के लिए आभारी हैं। होसुर में अति उच्च शुद्धता क्रायोजेनिक चिकित्सा ऑक्सीजन और औद्योगिक गैस की शुरुआत हमारे लिए राष्ट्र के विकास में सेवा करने की हमारी यात्रा के मार्ग में मील का पत्थर है।”
पांचवें संयंत्र के उद्घाटन से आईएनओएक्सएपी की राज्य में तरल ऑक्सीजन विनिर्माण की क्षमता 150 टन से बढ़कर 300 टन प्रतिदिन हो गई है।
भाषा अनुराग प्रेम
प्रेम
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
