scorecardresearch
Friday, 10 April, 2026
होमदेशअर्थजगतभारत-ब्रिटेन मुक्त व्यापार समझौते पर वार्ता का अगला चरण मार्च में

भारत-ब्रिटेन मुक्त व्यापार समझौते पर वार्ता का अगला चरण मार्च में

Text Size:

नयी दिल्ली, 15 फरवरी (भाषा) भारत और ब्रिटेन के बीच प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौता (एफटीए) पर वार्ता का अगला चरण 20 मार्च से 24 मार्च तक होगा। वाणिज्य सचिव सुनील बर्थवाल ने बुधवार को यह जानकारी दी।

बर्थवाल ने कहा कि वार्ता प्रगति पर है। मार्च में आठ चरणों की वार्ता के बाद, अंदाजा लगाया जा सकेगा कि समझौता पूरा होने के लिए और कितने चरण होंगे व और कितना समय लगेगा।

वार्ता का पिछला चरण 10 फरवरी को पूरा हुआ था।

भारत और ब्रिटेन ने पिछले साल जनवरी में वार्ता शुरू कर उसके दीवाली (24 अक्टूबर, 2022) तक पूर्ण होने का लक्ष्य रखा था, लेकिन ब्रिटेन के राजनीतिक घटनाक्रमों की वजह से इस समयसीमा को पूरा नहीं किया जा सका था।

समझौते में 26 अध्याय है, जिनमें वस्तुएं, सेवाएं, निवेश और बौद्धिक संपदा अधिकार (आईपीआर) हैं।

इस समझौते के तहत सीमा शुल्क घटाने या खत्म करने से कपड़ा, चमड़ा और रत्न व आभूषण जैसे ज्यादा श्रम गहनता वाले क्षेत्रों को ब्रिटिश बाजारों में निर्यात बढ़ाने में मदद मिलेगी।

ब्रिटेन स्कॉच व्हिस्की और मोटर वाहन जैसे क्षेत्रों में शुल्क कटौती की मांग कर रहा है।

यूरोपीय संघ (ईयू) से व्यापार समझौते पर वाणिज्य विभाग में संयुक्त सचिव निधि मणि त्रिपाठी ने कहा कि वाणिज्य सचिव और ईयू के महानिदेशक वार्ता की समीक्षा और प्रगति करने के लिए अगस्त में मुलाकात करेंगे।

दोनों शीर्ष अधिकारियों ने 24 जनवरी को मुलाकात की थी।

वार्ता का चौथा चरण 13 मार्च से 17 मार्च तक तय किया गया है।

दोनों पक्ष चौथे चरण की वार्ता के दौरान वस्तुओं और सेवाओं के आदान-प्रदान पर चर्चा और अंतिम औपचारिकताएं पूरी करने के लिए राजी हो गए हैं।

नई विदेश व्यापार नीति के बारे में पूछने पर सचिव ने कहा कि काम चल रहा है और यह अप्रैल में जारी हो जाएगी।

गैर-जरूरी वस्तुओं का आयात घटाने पर उन्होंने कहा कि मंत्रालय इस मुद्दे पर विभिन्न विभागों के साथ वार्ता कर रहा है।

उन्होंने कहा, “हम उनके साथ आंकड़े साझा कर रहे हैं।”

सरकार ने मौजूदा विदेश व्यापार नीति (एफटीएफ) को 31 मार्च, 2023 तक बढ़ा दिया है।

भाषा अनुराग अजय

अजय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments