scorecardresearch
Tuesday, 31 March, 2026
होमदेशमंत्रिमंडल ने भारत, चिली के बीच कृषि क्षेत्र में सहयोग के लिये समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर को मंजूरी दी

मंत्रिमंडल ने भारत, चिली के बीच कृषि क्षेत्र में सहयोग के लिये समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर को मंजूरी दी

Text Size:

नयी दिल्ली, 15 फरवरी (भाषा) केंद्रीय मंत्रिमंडल ने कृषि और संबद्ध क्षेत्रों में सहयोग के लिए भारत व चिली के बीच समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर को बुधवार को मंजूरी प्रदान कर दी।

सरकारी बयान के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में इस आशय के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई।

बयान के अनुसार, इसमें सहयोग के मुख्य क्षेत्रों में आधुनिक कृषि के विकास के लिए कृषि नीतियां, जैविक उत्पादों के द्विपक्षीय व्यापार को सुविधाजनक बनाने के लिए जैविक कृषि, दोनों देशों में जैविक उत्पादन को विकसित करने के उद्देश्य से नीतियों के आदान-प्रदान को बढ़ावा देना है।

इसके साथ ही समझौते के तहत विज्ञान और नवाचार के जरिए साझेदारियों के अवसर तलाशने पर जोर दिया गया है ताकि भारतीय संस्थानों और चिली के संस्थानों के बीच कृषि क्षेत्र में नवाचार को बढ़ावा दिया जा सके।

इस समझौता ज्ञापन के तहत, चिली-भारत कृषि कार्यसमूह का गठन किया जाएगा जो इस एमओयू के कार्यान्वयन के पर्यवेक्षण, समीक्षा और आकलन के साथ-साथ लगातार संचार व समन्वय स्थापित करने के लिए जिम्मेदार होगा।

बयान के अनुसार, इस कृषि कार्यसमूह की बैठकें चिली और भारत में बारी-बारी से वर्ष में एक बार आयोजित की जाएंगी।

इसमें कहा गया है कि हस्ताक्षर के बाद यह समझौता ज्ञापन लागू होगा और अपने निष्पादन की तारीख से पांच साल की अवधि के लिए लागू रहेगा । इसके बाद इसे स्वतः पांच साल की अवधि के लिए नवीनीकृत किया जाएगा।

भाषा दीपक दीपक नरेश

नरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments