scorecardresearch
Sunday, 29 March, 2026
होमदेशजी-20 शिखर सम्मेलन से पहले सराय काले खां के रैन बसेरा को स्थानांतरित किया जाए : दिल्ली पुलिस

जी-20 शिखर सम्मेलन से पहले सराय काले खां के रैन बसेरा को स्थानांतरित किया जाए : दिल्ली पुलिस

Text Size:

(अंजलि पिल्लै)

नयी दिल्ली, 14 फरवरी (भाषा) दिल्ली पुलिस ने डीयूएसआईबी को सितंबर में होने वाले जी-20 शिखर सम्मेलन से पहले सराय काले खां स्थित रैन बसेरा को स्थानांतरित करने को कहा है।

दिल्ली शहरी आश्रय सुधार बोर्ड (डीयूएसआईबी) को लिखे पत्र में पुलिस ने कहा कि आश्रय स्थल सराय काले खां अंतर-राज्यीय बस टर्मिनल के करीब है, जिससे देश भर के लोग इस सुविधा का लाभ उठाते हैं।

पत्र में कहा गया है, ‘‘ रैन बसेरों में रहने वाले लोगों के पहचान प्रमाण पूरी तरह से सत्यापित नहीं होते हैं और अपराधी तथा बदमाश अक्सर जाली आधार कार्ड और अन्य पहचान पत्र जमा करने के बाद इसे छिपने की जगह के रूप में इस्तेमाल करते हैं।’’

दिल्ली पुलिस ने कहा कि यह अक्सर देखा गया है कि यह बदमाशों और आपराधिक चरित्र के लोगों का ‘‘पसंदीदा ठिकाना’’ है। रात में यह हमेशा भरा रहता है और वहां रहने वाले लोग अक्सर शराब पीकर हंगामा करते हैं।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने पीटीआई-भाषा को बताया, ‘‘हमने सिफारिश की है कि इसे किसी अन्य स्थान पर स्थानांतरित कर दिया जाए और हम आदर्श रूप से इसे जी-20 शिखर सम्मेलन से पहले करना चाहते हैं। रैन बसेरा अपराध-संभावित क्षेत्र में स्थित है और इस क्षेत्र से झपटमारी, डकैती, चोरी के मामले आते रहते हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हम समझते हैं कि अपराधी इस सुविधा का दुरुपयोग करते हैं और यहां रहने वाले वास्तविक लोगों के लिए खतरा पैदा करते हैं। इसलिए बेहतर है कि आश्रय स्थल को किसी अन्य स्थान पर स्थानांतरित कर दिया जाए।’’

दिल्ली पुलिस की सिफारिशों के पूर्व सनलाइट कॉलोनी के थाना प्रभारी द्वारा स्थल का निरीक्षण किया गया था। मामले के बारे में पूछे जाने पर डीयूएसआईबी के सदस्य बिपिन राय ने पीटीआई-भाषा से कहा, ‘‘हम मामले पर आंतरिक रूप से चर्चा कर रहे हैं और उचित कार्रवाई की जाएगी।’’

दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) की जमीन पर 2014 में शुरू हुआ रैन बसेरा सराय काले खां लाइट ट्रैफिक सिग्नल के पास स्थित है और इसमें 54 लोग रह सकते हैं।

भाषा आशीष पवनेश

पवनेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments