सागर (मप्र), 14 फरवरी (भाषा) मध्यप्रदेश के सागर शहर में मंगलवार को शिवसेना कार्यकर्ताओं ने वैलेंटाइन डे मनाने के खिलाफ नारे लगाए और प्रेमी जोड़ों को सार्वजनिक रूप से प्यार का त्योहार मनाने से रोकने के लिए तेल लगे डंडे दिखाए।
हालांकि, पार्टी के एक पदाधिकारी ने कहा कि कार्यकर्ताओं को लाठी का इस्तेमाल करने का मौका नहीं मिला क्योंकि वैलेंटाइन डे मनाने वाले युवाओं को संदेश मिल गया और वे इस अवसर पर ‘आपत्तिजनक व्यवहार’ में शामिल होने से दूर रहे।
शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के कार्यकर्ताओं का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वे वेलेंटाइन डे समारोह के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं।
वीडियो में पार्टी कार्यकर्ताओं को जोर-जोर से नारे लगाते हुए सुना जा सकता है, ‘‘जहां मिलेंगे बिट्टू-सोना, तोड़ देंगे कोना-कोना।’’
शिवसेना के उप राज्य प्रमुख पप्पू तिवारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘हम किसी को परेशान नहीं कर रहे थे। हम वैलेंटाइन डे का विरोध कर रहे हैं, क्योंकि यह एक पश्चिमी संस्कृति है और भारतीय परंपराओं के खिलाफ है। अपने विरोध प्रदर्शन के तहत हमने पार्कों, रेस्तरां और अन्य स्थानों पर शिवसैनिकों को तैनात किया ताकि निगरानी रखी जा सके और प्रेमी जोड़ों को अश्लील हरकतें करने से रोका जा सके।’’
उन्होंने कहा कि शिवसेना प्यार के खिलाफ नहीं है, बल्कि लव जिहादियों के खिलाफ है जो हमारी बहनों और बेटियों को लुभाते हैं। तिवारी ने बताया कि इस अवसर पर मकरोनिया से डॉ. हरि सिंह गौर विश्वविद्यालय तक पार्टी सदस्यों ने रैली निकाली।
उन्होंने कहा, ‘‘हमने किसी के खिलाफ लाठियों का इस्तेमाल नहीं किया क्योंकि युवाओं को बिना बल प्रयोग के संदेश मिल गया। हम किसी भी हिंसा में शामिल नहीं थे। हम सिर्फ अश्लीलता के खिलाफ हैं।’’
भाषा रावत रावत संतोष
संतोष
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
