नयी दिल्ली, नौ फरवरी (भाषा) सार्वजनिक क्षेत्र की पेट्रोलियम कंपनी हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) ने लगातार दो तिमाहियों के घाटे के बाद चालू वित्त वर्ष की अक्टूबर-दिसंबर तिमाही में 172.43 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया है।
कंपनी ने बृहस्पतिवार को कहा कि तेल की कीमतें घटने से उसे पेट्रोल और डीजल की बिक्री पर हुए नुकसान की कुछ भरपाई करने में मदद मिली।
एचपीसीएल ने शेयर बाजारों को बताया कि बीती दिसंबर तिमाही के दौरान उसका एकल शुद्ध लाभ 172.43 करोड़ रुपये रहा। पिछले साल इसी अवधि में इसे 868.86 करोड़ रुपये का लाभ हुआ था।
कंपनी की आलोच्य अवधि के दौरान परिचालन आय भी 1.03 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर 1.15 लाख करोड़ रुपये हो गई।
गौरतलब है कि पिछले साल वैश्विक स्तर पर तेल की कीमतें सर्वकालिक उच्चस्तर पर पहुंच गईं थी लेकिन एचपीसीएल और अन्य सार्वजनिक क्षेत्र की ईंधन खुदरा विक्रेताओं ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में संशोधन नहीं किया था। लिहाजा उन्हें लगातार दो तिमाहियों में घाटा उठाना पड़ा।
भाषा रिया अजय
अजय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
