नयी दिल्ली, नौ फरवरी (भाषा) सुजलॉन एनर्जी लिमिटेड का एकीकृत शुद्ध लाभ चालू वित्त वर्ष (2022-23) की तीसरी दिसंबर तिमाही में दोगुना से अधिक होकर 78.28 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। कम खर्च से कंपनी का लाभ बढ़ा है। कंपनी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
कंपनी को पिछले वित्त वर्ष की अक्टूबर-दिसंबर तिमाही में 36.77 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ था।
सुजलॉन एनर्जी ने शेयर बाजारों को भेजी सूचना में बताया, हालांकि, आलोच्य तिमाही में कंपनी की कुल आय 1,615 करोड़ रुपये से घटकर 1,464 करोड़ रुपये रह गई।
वहीं इस दौरान कंपनी का कुल खर्च भी घटकर 1,386 करोड़ रुपये रह गया। एक साल पहले इसी तिमाही में खर्च 1,573 करोड़ रुपये रहा था।
सुजलॉन समूह के वाइस चेयरमैन गिरीश तांती ने एक अलग से बयान में कहा, ‘‘वर्ष 2023 की शुरुआत महत्वपूर्ण नीतिगत घोषणाओं के साथ पवन ऊर्जा क्षेत्र के लिए अत्यधिक उत्साहजनक रही है। भारतीय पवन ऊर्जा बदलाव की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान देने की राह पर है।’’
भाषा रिया अजय
अजय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
