scorecardresearch
Tuesday, 31 March, 2026
होमदेशएनडीआरएफ के 101 कर्मी राहत एवं बचाव कार्यों के लिए भूकंप-प्रभावित तुर्किये रवाना

एनडीआरएफ के 101 कर्मी राहत एवं बचाव कार्यों के लिए भूकंप-प्रभावित तुर्किये रवाना

Text Size:

(तस्वीरों के साथ)

नयी दिल्ली, सात फरवरी (भाषा) राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) के दो दल भीषण भूकंप से प्रभावित तुर्किये की राहत एवं बचाव कार्यों में मदद करने के लिए मंगलवार को रवाना हुए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

तुर्किये में आए 7.8 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप से सैकड़ों लोगों की मौत हुई है।

अधिकारियों ने बताया कि संघीय आपदा बल के साथ दो खोजी श्वान, चार पहिया वाहन, हथौड़े, कटाई करने वाले औजार, प्राथमिक चिकित्सा से संबंधित दवाएं और संचार प्रणाली भी भेजी गई है।

एनडीआरएफ के एक अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि दिल्ली के पास स्थित गाजियाबाद और कोलकाता स्थित दलों के कुल 101 कर्मियों को उपकरणों के साथ हिंडन एयरबेस से भारतीय वायु सेना के जी-17 विमान के जरिये तुर्किये के लिए रवाना किया गया।

तुर्किये जाने वाले समूह में पांच महिला बचावकर्मी, एक चिकित्सक और पैरा मेडिकल कर्मी शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि एनडीआरएफ के दल दक्षिण तुर्किये के अदन हवाई अड्डे पर उतरेंगे, जहां वे प्रभावित क्षेत्रों में आगे की तैनाती के लिए भारतीय दूतावास और तुर्किये सरकार के अधिकारियों से मुलाकात करेंगे।

अधिकारी ने कहा, ‘‘यह भूकंप प्रभावित तुर्किये और पड़ोसी क्षेत्रों के लिए सोमवार को भारत सरकार द्वारा घोषित मानवीय सहायता एवं आपदा राहत (एचएडीआर) प्रयासों का हिस्सा है।’’

उन्होंने कहा कि एनडीआरएफ के दल मलबे में फंसे लोगों को बचाने में मदद करेंगे और स्थानीय अधिकारियों को हरसंभव सहायता मुहैया कराएंगे।

एनडीआरएफ के दल इससे पहले 2011 में जापान तिहरी आपदा (भूकंप, सूनामी और परमाणु हादसे) और 2015 में नेपाल भूकंप के बाद भी इसी तरह की मदद मुहैया करा चुके हैं।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के भूकंप-प्रभावित देश की हरसंभव मदद करने संबंधी निर्देश के बाद सरकार ने राहत सामग्री के साथ राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और चिकित्सा दलों को तुर्किये भेजना का फैसला किया।

तुर्किये और सीरिया में आए 7.8 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप से अब तक पांच हजार से अधिक लोगों की मौत हुई है।

भाषा निहारिका सुरेश

सुरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments