सुल्तानपुर (उप्र) चार फरवरी (भाषा) सुल्तानपुर जिले के कुड़वार थाना क्षेत्र के एक गांव में दुष्कर्म से क्षुब्ध होकर आत्महत्या करने की कोशिश करने वाली किशोरी की मौत हो गई है। इस मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
थानाध्यक्ष कुड़वार संदीप कुमार राय ने शनिवार को बताया कि थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी 16 वर्षीया एक किशोरी के साथ रिश्तेदारी में आये युवक सौरभ अग्रहरि (19) निवासी मायंग ने दुष्कर्म किया, जिससे क्षुब्ध होकर किशोरी ने बुधवार को फांसी लगाकर खुदकुशी की कोशिश की। उन्होंने बताया कि हालत गंभीर होने पर उसे ट्रामा सेंटर, लखनऊ में भर्ती कराया गया जहां शुक्रवार को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गयी।
राय ने बताया कि आरोपी युवक को गिरफ्तार कर विधिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद जेल भेज दिया गया। उन्होंने बताया कि आरोपी युवक अयोध्या पॉलिटेक्निक का छात्र है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपी युवक की बहन की शादी पीड़िता के घर के बगल हुई है। बहन के घर आने के दौरान ही आरोपी युवक ने दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया था।
भाषा सं आनन्द धीरज
धीरज
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
