scorecardresearch
Friday, 27 March, 2026
होमदेशमप्र के पीटीआर में चार शावकों के साथ दिखी बाघिन

मप्र के पीटीआर में चार शावकों के साथ दिखी बाघिन

Text Size:

पन्ना, दो फरवरी (भाषा) मध्य प्रदेश के पन्ना टाइगर रिजर्व (पीटीआर) में टी-151 नामक एक बाघिन को उसके चार शावकों के साथ देखा गया है। एक दिन पहले ही टी-151 बाघिन की मां टी-1 की मौत हो गयी थी।

पीटीआर के क्षेत्र निदेशक बृजेंद्र झा ने बृहस्पतिवार को बताया कि आज एक वीडियो प्राप्त हुआ है जिसमें एक जल स्रोत के पास बाघिन पी-151 के पीछे उसके चार शावक चलते हुए दिखाई दे रहे हैं। इस बाघिन का यह तीसरा प्रजनन है।

उन्होंने कहा, ‘‘ शावक लगभग तीन महीने के हैं। टी-1 की मौत की खबर के एक दिन बाद चार शावकों और उनकी मां टी-151 का यह वीडियो सामने आया है।’’

पीटीआर में बाघ पुनरुद्धार योजना के तहत बांधवगढ़ से मार्च 2009 में बाघिन टी-1 को लाया गया था। उसकी बुधवार को मौत हो गयी।

झा ने कहा कि टी-1 ने अपने जीवन में 13 शावकों को जन्म दिया तथा पीटीआर में बाघ पुनरुद्धार योजना की सफलता में उसने एक अहम भूमिका निभाई। उनके अनुसार एक समय पीटीआर बाघ विहीन हो गया था।

अखिल भारतीय बाघ अनुमान रिपोर्ट 2018 के अनुसार, मध्य प्रदेश में 526 बाघ हैं जो देश के किसी भी राज्य में सबसे अधिक है।

मध्य प्रदेश में कान्हा, बांधवगढ़, पेंच, सतपुड़ा और पन्ना सहित कई टाइगर रिजर्व (बाघ अभयारण्य) हैं।

भाषा सं दिमो राजकुमार

राजकुमार

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments