नयी दिल्ली, दो फरवरी (भाषा) राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग (एनसीएससी) के उपाध्यक्ष अरूण हलदर ने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा केंद्रीय बजट में 2047 तक सिकल सेल एनीमिया (एक बीमारी) को खत्म करने का मिशन शुरू करने के लिए की गयी घोषणा का बृहस्पतिवार को स्वागत किया।
हलदर ने यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा कि सिकल सेल बीमारी (एससीडी) अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग समुदाय में अधिक है।
उन्होंने कहा, ‘‘ एससीडी एक सार्वभौमिक रोग है एवं भारत में दो करोड़ से अधिक लोग उससे प्रभावित है। लेकिन यह देखा गया है कि भारत के जनजातीय क्षेत्र में यह बीमारी अनुपातिक दृष्टि से कहीं अधिक है। अनुमान है कि दुनिया में सिकल सेल बीमारी के जितने रोगी हैं, उनमें आधे भारत में हैं। ’’
उन्होंने कहा, ‘‘ एससीडी भारत में सामाजिक आर्थिक रूप से कमजोर जातीय वर्गों : अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग में सबसे अधिक है।’’
भाषा राजकुमार नरेश
नरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
