ईटानगर, दो फरवरी (भाषा) कांग्रेस ने अरुणाचल प्रदेश में सरकारी स्कूल के शिक्षकों के साथ बृहस्पतिवार को एकजुटता प्रकट की, जिन्होंने लंबे समय से चली आ रही मांगों को लेकर राज्य बोर्ड परीक्षाओं और सीबीएससी परीक्षाओं का बहिष्कार करने की घोषणा की है।
पार्टी ने आरोप लगाया कि सरकार अरुणाचल शिक्षक संघ (एटीए) द्वारा उठाए गए मुद्दों को हल करने के लिए वार्ता से बच रही है।
एटीए राज्य में शीर्ष शिक्षक निकाय है। राज्य में बोर्ड परीक्षाएं 3 फरवरी से शुरू होंगी।
अरुणाचल प्रदेश कांग्रेस समिति के मीडिया अध्यक्ष तागे लापुंग ने एक बयान में कहा कि पार्टी का स्पष्ट मत है कि राज्य सरकार को शिक्षक समुदाय और शिक्षा विभाग की समस्याओं के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण रखना चाहिए।
कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘यह महत्वपूर्ण है कि शिक्षक समुदाय और शिक्षा विभाग की समस्याओं को सम्मानजनक तरीके से हल किया जाए।’’
भाषा शफीक पवनेश
पवनेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
