चंडीगढ़, 27 जनवरी (भाषा) पंजाब पुलिस के गैंगस्टर रोधी कार्य बल ने लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार किया है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पुलिस अधिकारी के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए व्यक्ति की पहचान राजवीर के रूप में की गयी है। उन्होंने कहा कि राजवीर पर हत्या, हत्या के प्रयास और जबरन वसूली के आरोप हैं।
पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने ट्वीट किया, ‘‘ एक बड़ी सफलता में राज्य पुलिस के गैंगस्टर रोधी कार्य बल (एजीटीएफ) की टीम ने राजवीर उर्फ रवि राजगढ़ को गिरफ्तार किया है, जो लॉरेंस बिश्नोई गिरोह का सदस्य है, गैंगस्टर राजगढ़ का आपराधिक इतिहास रहा है, जिसमें पंजाब में जबरन वसूली, हत्या और हत्या के प्रयास के अलावा शस्त्र अधिनियम से संबंधित 10 प्राथमिकी दर्ज थी।’’
डीजीपी के मुताबिक, राजगढ़ के पास से 30 कैलिबर की चीन निर्मित पिस्तौल और छह कारतूस बरामद किए गए हैं।
भाषा रवि कांत दिलीप
दिलीप
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
