scorecardresearch
Sunday, 15 March, 2026
होमदेशसुल्तानपुर में जंगली भेड़िये ने डेढ़ साल की बच्ची को मार डाला

सुल्तानपुर में जंगली भेड़िये ने डेढ़ साल की बच्ची को मार डाला

Text Size:

सुलतानपुर (उप्र) 19 जनवरी (भाषा) जिले के बल्दीराय थाना क्षेत्र के एक गांव में घुमंतू समुदाय की डेढ़ वर्षीय मासूम बच्ची को जंगली भेड़िये ने मार डाला जिसका शव गांव से कुछ दूरी पर क्षत-विक्षत अवस्था में बरामद हुआ। यह जानकारी पुलिस ने दी।

पुलिस के अनुसार चकमूसी गांव के प्राथमिक विद्यालय के पास घुमंतू समुदाय के लोगों ने डेरा डाला था, लेकिन मौका पाकर जंगली भेड़िया बुधवार रात में बच्ची को उठा ले गया।

पुलिस ने बताया कि देर रात जब संदीप की आंख खुली तो देखा कि उसकी बेटी प्रीति गायब है। इसके बाद उसने खोजबीन की और शोर मचाया तो गांव वाले एकत्र हो गए और बच्ची की तलाश करने लगे।

पुलिस के मुताबिक खोजबीन के दौरान गांव से कुछ दूरी पर एक भेड़िये को बच्ची को नोचते हुए देखा गया, लेकिन ग्रामीणों को देखकर भेड़िया भाग गया।

बल्दीराय थाना के दरोगा चंद्रशेखर ने बताया कि अम्बेडकर नगर जिले के निवासी संदीप परिवार समेत चकमूसी गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय के मैदान में एक पेड़ के नीचे डेरा डालकर रहते थे। उन्होंने कहा कि ये लोग घुमंतू समुदाय के हैं।

चंद्रेशखर ने बताया कि बुधवार की रात जंगली भेड़िया संदीप की डेढ़ वर्ष की बच्ची प्रीति को उठा ले गया जिसका शव गांव से दूर क्षत-विक्षत अवस्था में बरामद किया गया।

उन्होंने बताया कि परिजनों ने मृतक बच्ची का पोस्टमार्टम न कराकर सीधे उसका अंतिम संस्कार कर दिया और वहां से अम्बेडकर नगर चले गए।

भाषा सं जफर मनीषा संतोष

संतोष

संतोष

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments