scorecardresearch
Sunday, 15 March, 2026
होमदेशसपा और कांग्रेस की बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने, बर्खास्त करने की मांग

सपा और कांग्रेस की बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने, बर्खास्त करने की मांग

Text Size:

लखनऊ (उप्र), 19 जनवरी (भाषा) भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) के अध्यक्ष एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद बृजभूषण शरण सिंह पर खिलाड़ियों के यौन उत्पीड़न के आरोपों के बीच समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस ने सिंह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने और उन्हें बर्खास्त करने की मांग की है।

बृजभूषण शरण सिंह उत्तर प्रदेश की कैसरगंज लोकसभा सीट से भाजपा सांसद भी हैं। इस मुद्दे पर भाजपा पर निशाना साधते हुए समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता सुनील सिंह साजन ने कहा, ‘‘इस खबर में सबसे ज्यादा परेशान करने वाली बात यह है कि ओलंपिक और अन्य प्रतियोगिताओं में हमारे देश के लिए खेलने वाली लड़कियों को अपने यौन उत्पीड़न के खिलाफ आज विरोध प्रदर्शन करना पड़ रहा है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से इस मुद्दे का संज्ञान लेने और बृजभूषण शरण सिंह को तुरंत बर्खास्त करने का अनुरोध करता हूं, साथ ही उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जानी चाहिए और उचित जांच की जानी चाहिए। मुझे आश्चर्य है कि उन सभी मामलों में भाजपा नेता आरोपी क्यों होते हैं, क्यों महिलाओं के खिलाफ अपराध होते हैं।’’

उत्तर प्रदेश कांग्रेस ने भी सिंह को डब्ल्यूएफआई से बर्खास्त करने की मांग की और कहा कि भाजपा के लिए यह साबित करने का समय आ गया है कि वे वास्तव में महिलाओं के खिलाफ अपराधों को लेकर गंभीर हैं।

कांग्रेस के क्षेत्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री नकुल दुबे ने बृहस्पतिवार को लखनऊ में ‘पीटीआई-भाषा’ से बात करते हुए कहा, ‘‘डब्ल्यूएफआई बृजभूषण शरण सिंह को तुरंत बर्खास्त किया जाना चाहिए और उचित जांच के लिए प्राथमिकी दर्ज की जानी चाहिए। साथ ही भाजपा को उनके खिलाफ अनुकरणीय कार्रवाई करनी चाहिए और यह साबित करना चाहिए कि ‘बेटी बचाओ’ जैसे नारे सिर्फ प्रचार के लिए नहीं हैं।’

तीन बार की राष्ट्रमंडल चैम्पियन विनेश फोगाट और ओलंपिक कांस्य पदक विजेता बजरंग पूनिया तथा साक्षी मलिक समेत भारत के शीर्ष पहलवान जंतर मंतर पर लगातार दूसरे दिन धरने पर बैठे । वे डब्ल्यूएफआई अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं जिन पर यौन उत्पीड़न के आरोप लगाये गए हैं।

भाषा सं जफर अमित

अमित

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments