नयी दिल्ली, 18 जनवरी (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता और बिहार विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष सम्राट चौधरी ने बुधवार को आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपने ‘अहंकार’ के कारण राज्य के विकास को बाधित कर रहे हैं।
उन्होंने पीटीआई-भाषा से बातचीत में यह भी दावा किया कि बिहार की महागठबंधन सरकार के ‘टकराव भरे रवैये’ का नुकसान राज्य को उठाना पड़ा रहा है।
ज्ञात हो कि मंगलवार को समाप्त हुई भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के दौरान ”गरीब कल्याण” के मुद्दे पर बयान देने के लिए पार्टी ने चौधरी को चुना था।
बिहार में कुमार के नेतृत्व में जनता दल (यूनाइटेड), राष्ट्रीय जनता दल (राजद), कांग्रेस और वामपंथी दलों की महागठबंधन की सरकार बनने के बाद भाजपा वहां राजनीतिक लाभ हासिल करने की कोशिशों के तहत प्रदेश सरकार पर लगातार निशाना साध रही है।
कानून और व्यवस्था के मुद्दे पर भी नीतीश सरकार को घेरने में भाजपा कोई कसर नहीं छोड़ रही है। वह बिहार सरकार पर ‘कुशासन’ और ‘जंगलराज’ जैसे आरोप भी लगाती रही है।
चौधरी ने कहा, ‘बिहार सरकार के टकराव भरे रवैये से राज्य का विकास बाधित हो गया है।’
पिछड़ी जाति के राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण कुशवाहा समुदाय के नेता चौधरी ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री कुमार अपने अहंकार के कारण भी राज्य के विकास को नुकसान पहुंचा रहे हैं।
उन्होंने पीटीआई-भाषा को बताया कि पूर्णिया, भागलपुर और मुजफ्फरपुर जैसे शहरों सहित 10 हवाई अड्डों और दरभंगा में एक एम्स के निर्माण की परियोजनाएं आगे नहीं बढ़ सकीं क्योंकि राज्य सरकार जमीन उपलब्ध कराने में विफल रही है।
उन्होंने कहा कि केंद्र ने पानी की समस्याओं को हल करने के लिए राज्य को 50,000 करोड़ रुपये से अधिक देने थे लेकिन केंद्रीय योजना का हिस्सा नहीं होने के राज्य सरकार के फैसले के कारण यह काम भी रुका हुआ है।
उन्होंने कहा कि 16 राज्यों में विकास तेजी से हो रहा है, जहां भाजपा अपने दम पर या सहयोगियों के साथ सत्ता में है।
भाषा ब्रजेन्द्र पवनेश
पवनेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
