चेन्नई, सात जनवरी (भाषा) अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) के नेता ओ पन्नीरेसल्वम ने शनिवार को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन से सरकारी विद्यालयों तथा सहायताप्राप्त विद्यालयों के शिक्षकों एवं शिक्षकेत्तर कर्मियों का वेतन जारी करने के लिए तत्काल दखल देने की मांग की। ये सरकारी कर्मी तीन महीने से तनख्वाह से वंचित हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी एवं सहायताप्राप्त विद्यालयों के हजारों कर्मियों को किन्हीं प्रशासनिक बदलाव के कारण अक्टूबर, 2022 से तनख्वाह नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि सरकार को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि भविष्य में दोबारा यह स्थिति न आए।
वेतन में देरी की निंदा करते हुए पन्नीरसेल्वम ने कहा, ‘‘ अध्यापक समाज के भावी स्तंभों को निखारने के लिए शिक्षा प्रदान करने के नेक और नि:स्वार्थ कार्य में लगे हैं। यह सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है कि हर माह के आखिरी दिन उनके बैंक खातों में तनख्वाह का अंतरण हो जाए।’’
उन्होंने यहां जारी एक बयान में कहा कि वैसे तो सरकार ने कहा था कि कुछ दिनों में इस मुद्दे का पूरी तरह समाधान कर लिया जाएगा लेकिन तीन महीने बाद भी समाधान नजर नहीं आ रहा है।
उन्होंने कहा, ‘‘ इस स्थिति की वजह स्कूल शिक्षा विभाग एवं वित्त विभाग के बीच तालमेल का अभाव बतायी जा रही है। यदि दोनों संबंधित विभागों के बीच तालमेल होता तो इस स्थिति से बचा जा सकता था।’’
भाषा राजकुमार अविनाश
अविनाश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
