(फोटो के साथ)
गुवाहाटी, पांच जनवरी (भाषा) असम के मुख्यमंत्री हेमंत विश्व शर्मा ने बृहस्पतिवार को राजधानी गुवाहाटी में एक नए राजभवन और गुवाहाटी पुलिस आयुक्त कार्यालय सहित सात बुनियादी ढांचा परियोजनाओं की आधारशिला रखी।
इन परियोजनाओं का निर्माण 1,776 करोड़ रुपये की लागत से किया जाएगा।
हेमंत विश्व शर्मा ने असम के राज्यपाल जगदीश मुखी की मौजूदगी में खरघुली में एक नए राजभवन की आधारशिला रखने के साथ कार्यक्रम की शुरुआत की।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के बाद ट्वीट किया, ‘‘ 18 महीने में 41.32 करोड़ रुपये से बनकर तैयार होगा नया राजभवन, जो देश के सबसे खूबसूरत राज्यपाल आवासों में शुमार होगा। ’’
उन्होंने गुवाहाटी के खानापारा में नए पुलिस आयुक्तालय के निर्माण की आधारशिला भी रखी।
उन्होंने कहा, ‘‘ नए पुलिस आयुक्तालय की इमारत में गुवाहाटी के पुलिस आयुक्त के तहत काम करने वाले सभी विभागों और शाखाओं का कार्यालय होगा। इस इमारत का निर्माण 95 करोड़ रुपये की लागत से किया जाएगा, जो 24 महीनों में पूरा होगा। ’’
हेमंत विश्व शर्मा ने कहा कि सरकार गुवाहाटी पुलिस रिजर्व कैंपस के पुनर्विकास के लिए 544.44 करोड़ रुपये खर्च करेगी।
उन्होंने कहा, ‘‘ इसमें पुलिसकर्मियों के लिए आवासीय क्वार्टर भी शामिल होंगे। मुझे यकीन है कि नया बुनियादी ढांचा पुलिस बल को अपने कर्तव्यों को कुशलतापूर्वक पूरा करने में मदद करेगा। ’’
सार्वजनिक सेवाओं को एक ही छत के नीचे उपलब्ध कराकर शासन को अधिक नागरिक केंद्रित बनाने के प्रयासों के तहत, उन्होंने बेतकुची में 808 करोड़ रुपये के एकीकृत निदेशालय परिसर के निर्माण कार्य को भी शुरू किया।
इसके अलावा हेमंत विश्व शर्मा ने कई अन्य परियोजनाओं की भी शुरुआत की।
भाषा रवि कांत माधव
माधव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
