… अमित कुमार दास …
नयी दिल्ली, पांच जनवरी (भाषा) ओलंपियन अनूप श्रीधर मंगलवार से मलेशिया ओपन सुपर 1000 टूर्नामेंट के साथ शुरू हो रहे व्यस्त सत्र में राष्ट्रमंडल खेलों के चैंपियन लक्ष्य सेन को 2024 पेरिस ओलंपिक के लिए क्वालीफाई करने के प्रयास में मदद करेंगे। बीजिंग ओलंपिक (2008) में भाग लेने वाले और 2007 थॉमस कप टीम की कप्तानी करने वाले 39 वर्षीय श्रीधर इस महीने एशियाई टूर्नामेंट में सेन के साथ यात्रा करेंगे। सेन ने पीटीआई-भाषा से कहा, ‘‘ मैं पिछले तीन सप्ताह से उनके (अनूप श्रीधर) साथ ट्रेनिंग कर रहा हूं। वह और मेरे पिता (डीके सेन) मलेशिया से शुरू होने वाली तीनों एशियाई स्पर्धाओं के लिए मेरे साथ यात्रा करेंगे।’’ सेन ने कहा, ‘‘ यह अभी प्रारंभिक चरण में है, हम कोर्ट पर एक-दूसरे को समझ रहे हैं। कुल मिलाकर, वह सत्र की योजना और रणनीति बनाने में बहुत मदद करेंगे।’’ उन्होंने कहा, ‘‘वह बेहद अनुभवी हैं और उन्हें शीर्ष स्तर पर खेलने का अनुभव है। इसलिए प्रकाश (पादुकोण) सर और विमल सर ने उन्हें टीम में शामिल करने का फैसला किया। इस सत्र में बहुत सारे टूर्नामेंट हैं। यह ओलंपिक से पहले का साल भी है। मलेशिया ओपन मेरा पहला टूर्नामेंट है। इसलिए वास्तव में इसके लिए उत्सुक हूं।’’ श्रीधर ने 2006 के राष्ट्रमंडल खेलों में मिश्रित टीम स्पर्धा में कांस्य पदक जीता था। प्रकाश पादुकोण बैडमिंटन अकादमी (पीपीबीए) ने अगस्त में विश्व चैंपियनशिप के बाद दो बार के युगल ओलंपिक पदक विजेता कोरिया के योंग सुंग यू के जाने के बाद श्रीधर को जोड़ा है। पीपीबीए के सह-संस्थापक, निदेशक और मुख्य कोच विमल कुमार ने कहा, ‘‘उन्होंने (सुंग यू ) विश्व चैंपियनशिप के चार सप्ताह बाद पद छोड़ दिया। वह एक प्रतिबद्ध कोच थे, लेकिन उनके साथ संचार में थोड़ी समस्या थी। हम इसे 8-10 महीने के लिए आजमाना चाहते थे, लेकिन यह काम नहीं कर रहा था।’’ उन्होंने कहा, ‘‘अनूप ने अपने खेल के दिनों में हमारे साथ अभ्यास किया है। इसलिए हमने इसे आजमाने के बारे में सोचा। वह टूर्नामेंट के दौरान लक्ष्य (सेन) के साथ रहेंगे, मैचों का विश्लेषण करेंगे और रणनीति बनाएंगे। ओलंपिक योग्यता प्रक्रिया भी मई में शुरू होगी, इसलिए यह महत्वपूर्ण था।’’ विश्व रैंकिंग में 10वे स्थान पर काबिज सेन और श्रीधर दो सप्ताह के प्रशिक्षण सत्र के लिए दुबई में थे। एशियाई सर्किट में मलेशिया सुपर 1000 (10-15 जनवरी), इंडिया सुपर 750 (17-23 जनवरी), इंडोनेशिया मास्टर्स सुपर 500 (24-29 जनवरी) और थाईलैंड मास्टर्स सुपर 300 (31 जनवरी-5 फरवरी) शामिल हैं। भाषा आनन्द सुधीरसुधीर
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
