scorecardresearch
Friday, 27 February, 2026
होमखेलमनिका बत्रा विश्व रैंकिंग में करियर के सर्वश्रेष्ठ 35वें स्थान पर

मनिका बत्रा विश्व रैंकिंग में करियर के सर्वश्रेष्ठ 35वें स्थान पर

Text Size:

नयी दिल्ली, तीन जनवरी (भाषा) भारत की स्टार टेबल टेनिस खिलाड़ी मनिका बत्रा आईटीटीएफ विश्व रैंकिंग में मंगलवार को तीन स्थान के फायदे से करियर की सर्वश्रेष्ठ 35वीं रैंकिंग पर पहुंच गईं।

इस 27 वर्षीय खिलाड़ी ने नवंबर में एशियाई कप में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत को उसका अब तक का पहला पदक दिलाया था। बैंकॉक में ऐतिहासिक कांस्य पदक जीतने के दौरान मनिका ने जापान की दुनिया की पांचवें नंबर की खिलाड़ी हिना हयाता और चीन की दुनिया की सातवें नंबर की खिलाड़ी चेन शिंगटोंग को हराया।

मनिका को इस प्रदर्शन से 175 रैंकिंग अंक मिले जिससे वह रैंकिंग में आगे बढ़ने में सफल रहीं। मनिका ने हंगरी और स्लोवेनिया में दो डब्ल्यूटीटी कंटेंडर टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में भी जगह बनाई।

मनिका ने पीटीआई से कहा, ‘‘एशियाई कप में मेरा प्रदर्शन राष्ट्रमंडल खेल 2018 के साथ मेरे सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन में शामिल है। मैंने अपने खेल का लुत्फ उठाया और बेहद आश्वस्त थी।’’

बर्मिंघम में 2022 राष्ट्रमंडल खेलों से खाली हाथ लौटने के बाद मनिका ने एशियाई कप में पदक जीता। मनिका ने इससे चार साल पहले गोल्ड कोस्ट में दो स्वर्ण पदक सहित चार पदक जीते थे।

मनिका अब दोहा में विश्व चैंपियनशिप के एशियाई क्वालीफिकेशन टूर्नामेंट में हिस्सा लेंगी। वह इसी महीने दोहा में डब्यूटीटी कंटेंडर और फिर अगले महीने गोवा में डब्ल्यूटीटी स्टार कंटेंडर में हिस्सा लेंगी।

पुरुष रैंकिंग में जी साथियान 39वें स्थान पर बरकरार हैं जबकि अनुभवी शरत कमल तीन स्थान के नुकसान से 47वें स्थान पर खिसक गए।

भाषा सुधीर आनन्द

आनन्द

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments