नयी दिल्ली, दो जनवरी (भाषा) बाहरी दिल्ली के कंझावला इलाके में हुई घटना की पीड़िता के शव का फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने सोमवार को पोस्टमॉर्टम किया। पुलिस सूत्रों ने यह जानकारी दी।
बाहरी दिल्ली के सुल्तानपुरी में 20 वर्षीय एक युवती की स्कूटी को एक कार ने टक्कर मार दी और उसे सुल्तानपुरी से कंझावला तक घसीटते हुई ले गई। रविवार को हुए हादसे में युवती की मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया है।
मौलाना आजाद मेडिकल कॉलेज (एमएएमसी) में एक मेडिकल बोर्ड की निगरानी में शव का पोस्टमॉर्टम किया गया।
इससे पहले दिन में पुलिस ने कहा था पोस्टमॉर्टम करने के लिए एक मेडिकल बोर्ड का गठन किया गया है। विशेष पुलिस आयुक्त (कानून व्यवस्था) सागर प्रीत हुड्डा ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि रिपोर्ट के आधार पर मामले में गिरफ्तार पांच आरोपियों के खिलाफ नए आरोप जोड़े जा सकते हैं। आरोपियों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या, लापरवाही से मौत और आपराधिक साजिश रचने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने पहले कहा था कि पीड़िता के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मंगोलपुरी के संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल में भेजा गया। बाद में पुलिस सूत्रों ने कहा कि शव को एमएएमसी भेजा गया है।
पुलिस सूत्रों ने बिना कोई विस्तृत जानकारी दिए कहा कि पोस्टमॉर्टम कर दिया गया है।
उन्होंने कहा कि पीड़िता का पैर कार के एक चक्के में फंस गया था और वह दिल्ली के सुल्तानपुरी में रविवार को करीब 12 किलोमीटर तक घसीटती चली गई थी। पुलिस के अनुसार कार में सवार सभी पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया है, जिसमें कथित तौर पर युवती का निर्वस्त्र शव और उसके पैर टूटे हुए दिख रहे हैं। ‘पीटीआई-भाषा’ स्वतंत्र रूप से वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं कर सकता। फुटेज में यह भी दावा किया गया कि पीड़िता से बलात्कार किया गया और उसे मार दिया गया, लेकिन पुलिस ने कहा कि यह एक दुर्घटना थी।
इस घटना के एक दिन बाद बाहरी दिल्ली के सुल्तानपुरी में सोमवार को स्थानीय लोगों ने प्रदर्शन किया और आरोप लगाया कि पुलिस इसे सड़क दुर्घटना बताकर बलात्कार के मामले को ढकने का प्रयास कर रही है।
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने इस घटना को ‘‘दुर्लभतम अपराध’’ बताया और इसमें शामिल लोगों के लिए कड़े से कड़े दंड की मांग की। वहीं, उपराज्यपाल वी के सक्सेना ने कहा कि इस ‘‘अमानवीय’’ अपराध से उनका सिर शर्म से झुक गया है।
भाषा सुरभि दिलीप
दिलीप
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
