नयी दिल्ली, दो जनवरी (भाषा) गृह मंत्री अमित शाह के निर्देश पर गृह मंत्रालय ने दिल्ली पुलिस से बाहरी दिल्ली के कंझावला में एक महिला की मौत के मामले में विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। वहीं, घटना को लेकर लोगों में आक्रोश बढ़ गया है।
बीस वर्षीय महिला की स्कूटी को एक कार ने टक्कर मार दी थी और उसे करीब 10-12 किलोमीटर तक घसीटा गया था।
दिल्ली पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए विशेष आयुक्त शालिनी सिंह की अध्यक्षता में एक जांच समिति का गठन किया और उनसे जल्द से जल्द जांच रिपोर्ट पेश करने को कहा।
एक अधिकारी ने बताया कि गृह मंत्री के निर्देश पर गृह मंत्रालय ने दिल्ली पुलिस से कंझावला घटना पर विस्तृत रिपोर्ट देने को कहा है।
अधिकारी ने कहा कि जांच समिति की रिपोर्ट मिलने के बाद, दिल्ली पुलिस द्वारा गृह मंत्रालय को घटना पर अपनी रिपोर्ट सौंपे जाने की उम्मीद है।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि पीड़िता के दोपहिया वाहन को एक कार ने टक्कर मार दी थी और उसका शव बाहरी दिल्ली के सुल्तानपुरी से कंझावला तक करीब 10-12 किलोमीटर तक घसीटा गया। उन्होंने कहा कि कार में सवार पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
भाषा सुरभि माधव
माधव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
