scorecardresearch
Wednesday, 25 February, 2026
होमदेशआईटीबीपी के पूर्व महानिदेशक देसवाल हरियाणा के पहले खेल विश्वविद्यालय के कुलपति नियुक्त

आईटीबीपी के पूर्व महानिदेशक देसवाल हरियाणा के पहले खेल विश्वविद्यालय के कुलपति नियुक्त

Text Size:

नयी दिल्ली, दो जनवरी (भाषा) भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के पूर्व महानिदेशक एस. एस. देसवाल को हरियाणा के पहले खेल विश्वविद्यालय का कुलपति नियुक्त किया गया है। सरकार ने हाल ही में इस आशय का आदेश जारी किया है।

यह विश्वविद्यालय मौजूदा मोतीलाल नेहरू खेल विद्यालय का विस्तार करके करीब 200 एकड़ जमीन में सोनीपत जिले के राय गांव में बनाया जाएगा।

भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के 1984 बैच के अधिकारी देसवाल अगस्त, 2021 में सेवानिवृत्त हुए। 2021 में वह भारत-चीन वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) की रक्षा करने वाले आईटीबीपी के प्रमुख थे और सीमा सुरक्षा बल के महानिदेशक पद का अतिरिक्त कार्यभार संभाल रहे थे।

हरियाणा सरकार ने 27 दिसंबर, 2022 को जारी आदेश में कहा कि देसवाल को ‘‘तत्काल प्रभाव से खेल विश्वविद्यालय हरियाणा, राय, सोनीपत का पहला कुलपति नियुक्त किया जाता है।’’

प्रभार संभालने के बाद देसवाल ने पीटीआई-भाषा से कहा कि खेल विश्वविद्यालय का लक्ष्य अगले शिक्षण सत्र से अपनी कक्षाएं शुरू करने का है।

उन्होंने कहा, ‘‘बुनियादी ढांचे का विकास धीरे-धीरे होगा। विश्वविद्यालय खिलाड़ियों और कोचों (प्रशिक्षकों) के प्रशिक्षण और शैक्षिक जरूरतों का ध्यान रखेगा और उनकी जरूरत के अनुसार उपकरण आदि मुहैया कराएगा।’’

देसवाल ने कहा कि यह विश्वविद्यालय ‘सभी खेलों में कमियों’’ को दूर करेगा। उन्होंने कहा, ‘‘हम इस क्षेत्र में काम करने वाले सभी राज्य सरकारों, विश्वविद्यालयों और अन्य संस्थानों से संपर्क करेंगे।’’

भाषा अर्पणा अविनाश

अविनाश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments