scorecardresearch
Monday, 23 February, 2026
होमदेशरामपुर से नवनिर्वाचित विधायक आकाश सक्सेना को मिला आजम खां का आवास

रामपुर से नवनिर्वाचित विधायक आकाश सक्सेना को मिला आजम खां का आवास

Text Size:

लखनऊ, 30 दिसंबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के रामपुर से नवनिर्वाचित भाजपा विधायक आकाश सक्सेना को राज्य सम्पत्ति विभाग ने राजधानी लखनऊ के दारुल शफा में सरकारी आवास आवंटित किया है। यह वही मकान है जिसमें सदस्यता रद्द होने से पहले सपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री आजम खां रहा करते थे।

राज्य सम्पत्ति विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सक्सेना को दारुल शफा में मकान संख्या 34 बी आवंटित किया गया है। यह आवास पूर्व में आजम खां के पास था। नफरत भरा भाषण देने के मामले में अदालत द्वारा तीन साल की सजा सुनाये जाने के चलते विधानसभा की सदस्यता रद्द होने से पहले आजम इसी मकान में रहा करते थे।

उन्होंने बताया कि यह विधानसभा की सामान्य प्रक्रिया है कि किसी सीट के निवर्तमान विधायक का आवास उस सीट से नवनिर्वाचित विधायक को ही आबंटित होता है। अगर नया विधायक अपना आवास बदलना चाहता है तो उस पर विचार किया जा सकता है।

इस बीच, सक्सेना ने ‘पीटीआई—भाषा’ से बातचीत में कहा कि उन्हें खुद को आवास आवंटित किये जाने की जानकारी मिली है और वह अभी दिल्ली में हैं।

सक्सेना ने इसी महीने आठ दिसंबर को घोषित नतीजे में रामपुर सदर विधानसभा उपचुनाव में आजम खां के करीबी एवं सपा प्रत्याशी आसिम राजा को हराया था। यह सीट आजम खां विधानसभा की सदस्यता रद्द होने के कारण रिक्त हुई थी। आजादी के बाद पहली बार भाजपा ने रामपुर सदर सीट पर जीत हासिल की है।

भाषा सलीम रंजन

रंजन

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments