नयी दिल्ली, 30 दिसंबर (भाषा) राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और सभी राजनीतिक दलों के नेताओं ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां हीराबेन के निधन पर शोक व्यक्त किया और उनके सरल एवं करुणामय जीवन को याद किया जो सभी के लिए प्रेरणादायी था।
हीराबेन, कई लोगों के लिए हीराबा थीं। उनका शुक्रवार को 99 साल की उम्र में अहमदाबाद के एक अस्पताल में निधन हो गया । उनके निधन पर राजनीतिक सीमाएं मिट गईं और सभी नेताओं ने एकजुट होकर प्रधानमंत्री के साथ संवेदना जतायी।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पार्टी नेता राहुल गांधी, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, सत्ताधारी भाजपा के विभिन्न नेताओं और अन्य लोगों ने हीराबेन के निधन पर शोक व्यक्त किया।
राष्ट्रपति ने ट्वीट किया, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मां हीरा बा का संघर्षपूर्ण जीवन भारतीय आदर्शों का प्रतीक है। श्री मोदी ने ‘मातृदेवोभव’ की भावना और हीरा बा के मूल्यों को अपने जीवन में ढाला। मैं पुण्यात्मा की शांति के लिए प्रार्थना करती हूं। परिवार के प्रति मेरी संवेदनाएं।’’
उपराष्ट्रपति धनखड़ ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री मोदी की मां हीराबेन के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करता हूं। वह सादगी की प्रतीक थीं।’’
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने ट्वीट किया, ‘‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की माताजी आदरणीय हीरा बा के निधन पर शोक व्यक्त करता हूं। माँ ही है जो व्यक्ति के जीवन को संस्कारों से सुपोषित करती है। हीरा बा का सात्विक जीवन हम सब के लिए प्रेरणा है।’’
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने संवेदना जताते हुए ट्वीट किया, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की पूज्यनीय माताजी हीरा बा के निधन की खबर जानकर बहुत दुख हुआ। किसी व्यक्ति के जीवन में मां पहली मित्र और अध्यापक होती है, जिसका चले जाना निसंदेह दुनिया में सबसे बड़ा दुख है।’’
उन्होंने लिखा कि परिवार के पालन पोषण के लिए हीरा बा ने जिन संघर्षों का सामना किया, वह सभी के लिए एक आदर्श है। गृह मंत्री ने कहा, ‘‘उनका त्यागमय, तपस्वी का जीवन हमेशा हमारी स्मृतियों में रहेगा। पूरा राष्ट्र दुख की इस घड़ी में प्रधानमंत्री मोदी और उनके परिवार के साथ खड़ा है। करोड़ों लोगों की प्रार्थना आपके (मोदी) साथ हैं। ओम शांति।’’
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि मां का जाना जीवन में एक ऐसा शून्य पैदा कर देता है जिसे भरना असंभव है।
उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की मां हीरा बा के निधन से मुझे बहुत दुख हुआ। मां का निधन जीवन में एक ऐसा शून्य पैदा कर देता है जिसे भरना असंभव है। मैं दुख की इस घड़ी में प्रधानमंत्री और उनके समस्त परिवार के प्रति अपनी संवेदना प्रकट करता हूं ।’’
श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि संघर्षों से भरे मुश्किल जीवन में हीराबेन ने अपने परिवार को ऐसे मूल्य दिए जिनसे देश को मोदी जैसा नेता मिला।
सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा, ‘‘मां को खोना सबसे बड़ा दुख है। लेकिन उनकी ममता, अच्छाई, उनकी सीख और प्यार हमेशा आपके साथ रहेगा।’’
भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने कहा, ‘‘हीरा बा जी का संघर्षपूर्ण व सात्विक जीवन सदैव प्रेरणा है, जिनके वात्सल्य व सत्यनिष्ठा से देश को यशस्वी नेतृत्व मिला। मां का जाना अपूरणीय क्षति है, इस रिक्तता की पूर्ति असंभव है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘सादगी, तपस्या और कर्म की त्रिवेणी मां के चरणों में सादर प्रणाम निवेदित करता हूं। ईश्वर प्रधानमंत्री व परिजनों को संबल प्रदान करें और पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें।’’
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी ने कहा कि अपनी मां को खोना जीवन का सबसे दुखद पल है। आडवाणी ने एक बयान में कहा, ‘‘नरेन्द्रभाई ने अक्सर अपनी मां के साथ विशेष बंधन, उनकी सादगी और देखभाल करने वाले व्यक्तित्व के बारे में बातें कीं। ये बातें हमेशा याद की जाएंगी और सभी को उनकी कमी खलेगी।’’
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) ने प्रधानमंत्री मोदी की मां के निधन पर शोक प्रकट किया तथा परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए कहा, ‘‘माताजी का जीवन अत्यंत कठिन परिस्थितियों में भी मूल्यों के प्रति समर्पण और ईश्वर में अटूट विश्वास के बल पर निरंतर कार्य करने वाले सार्थक जीवन का एक महान उदाहरण था।’’
कांग्रेस अध्यक्ष खरगे ने ट्वीट किया, ‘‘श्रीमती हीराबेन मोदी के निधन के बारे में सुनकर बहुत दुख हुआ। नरेन्द्र मोदी जी के प्रति गहरी संवेदना है। दुख की इस घड़ी में पूरे परिवार के प्रति हमारी संवेदना है।’’
राहुल गांधी ने ट्वीट किया, ‘‘प्रधानमंत्री नरेंद मोदी जी की माताजी श्रीमती हीरा बा के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है। इस मुश्किल समय में, मैं उन्हें और उनके परिजनों के लिए अपनी गहरी संवेदनाएं और प्यार व्यक्त करता हूं।’’
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की माता जी के निधन का दुखद समाचार मिला। ईश्वर दिवंगत पुण्यात्मा को श्रीचरणों में स्थान दे एवं मोदी जी और उनके परिवार के समस्त सदस्यों को पीड़ा के इन क्षणों में साहस दें। ओम शांति!’’
कांग्रेस नेता एवं पूर्व वित्त मंत्री पी चिदंबरम ने कहा कि मां का निधन अपूरणीय क्षति है।
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाने के दौरान आयोजित कार्यक्रम में वीडियो कान्फ्रेंस के जरिये जुड़े मोदी से कहा, ‘‘आपकी मां हमारी भी मां हैं।’’
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री स्टालिन ने भी अपनी संवेदना जतायी। स्टालिन ने ट्वीट किया, “माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, हम सभी जानते हैं कि आपकी प्यारी मां हीरा बा के साथ आपका भावनात्मक बंधन था। अपनी मां को खोने का गम सहना किसी के लिए भी बहुत मुश्किल होता है। मुझे गहरा दुख हुआ है। आपको हुए नुकसान के लिए मुझे कितना खेद है, इसे शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता।”
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई, असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा, गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित अन्य राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने भी इस अपूरणीय क्षति पर शोक व्यक्त किया।
बहुजन समाज पार्टी प्रमुख मायावती और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव सहित उत्तर प्रदेश के अन्य नेताओं ने भी मोदी की मां हीराबेन के निधन पर शोक व्यक्त किया।
कर्नाटक के राज्यपाल थावरचंद गहलोत, भाजपा नेता एवं पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह, अकाली दल प्रमुख सुखबीर सिंह बादल और राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सहित अन्य लोगों ने भी हीराबेन के निधन पर शोक व्यक्त किया।
भाषा अमित नरेश
नरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
