scorecardresearch
Monday, 23 February, 2026
होमदेशगुजरात, महाराष्ट्र के राज्यपालों, मुख्यमंत्रियों ने प्रधानमंत्री की मां के निधन पर शोक व्यक्त किया

गुजरात, महाराष्ट्र के राज्यपालों, मुख्यमंत्रियों ने प्रधानमंत्री की मां के निधन पर शोक व्यक्त किया

Text Size:

अहमदाबाद, 30 दिसंबर (भाषा) गुजरात और महाराष्ट्र सहित विभिन्न राज्यों के राज्यपालों, मुख्यमंत्रियों और प्रमुख राजनेताओं ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां हीराबेन के निधन पर शोक व्यक्त किया।

हीराबेन का 99 वर्ष की आयु में शुक्रवार को तड़के अहमदाबाद के एक अस्पताल में निधन हो गया। उनके पार्थिव शरीर का प्रधानमंत्री मोदी और उनके भाइयों ने गांधीनगर के एक श्मशान में अंतिम संस्कार किया।

गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां हीराबेन के निधन से मुझे गहरा दुख हुआ है। वह अपने बच्चों के लिए एक ममतामयी मां, करुणा, सादगी, कड़ी मेहनत और जीवन में उच्च मूल्यों का प्रतीक थीं। मैं भगवान से उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करता हूं।’’

पटेल, बुधवार को हीराबेन को अस्पताल में भर्ती किए जाने के बाद उनकी खैरियत पूछने के लिए भी गए थे।

राज्य के राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने कहा कि हीराबेन मातृत्व, त्याग, तपस्या और भक्ति की प्रतिमूर्ति थीं। उन्होंने ट्विटर पर कहा, ‘‘उनके निधन से एक शून्य पैदा हुआ है।’’

महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की मां के निधन के बारे में जानकर उन्हें गहरा दुख हुआ है। उन्होंने एक ट्वीट में कहा, ‘‘वह एक दयालु, करुणामयी, स्नेह करने वाली मां थीं। उन्होंने दुनिया को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जैसा एक नेक बेटा दिया। श्रीमती हीराबेन ने एक परिपूर्ण जीवन जिया।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मैं सर्वशक्तिमान ईश्वर से प्यारी मां को शांति प्रदान करने की प्रार्थना करता हूं और माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदीजी के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करता हूं। ओम शांति।’’

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने ट्वीट किया, ‘‘खबर बेहद दुखद है। हम प्रधानमंत्री के दुख में उनके साथ हैं। उन मां की आत्मा को शांति मिले।’’

उपमुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि दुनिया में इससे बड़ा कोई दुख नहीं है कि आपकी मां आपके साथ नहीं है। उन्होंने एक ट्वीट में कहा, ‘‘दुख की इस घड़ी में हम प्रधानमंत्री और उनके परिवार के साथ हैं।’’

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के अध्यक्ष शरद पवार ने भी प्रधानमंत्री मोदी की मां के निधन पर दुख जताया है। उन्होंने एक बयान में कहा, ‘‘नरेंद्र भाई, मुझे आपकी मां के निधन के बारे में जानकर गहरा दुख हुआ है। यह जीवन में एक अपूरणीय क्षति है जिसकी कमी को कभी पूरा नहीं किया जा सकता है। कृपया उनके जाने से हुई क्षति पर मेरी गहरी संवेदना स्वीकार करें। उनकी आत्मा को शांति मिले।’’

शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के नेता संजय राउत ने ट्वीट किया कि मां को खोने से अनाथ महसूस होता है। राउत ने ट्वीट किया, ‘‘दुख की इस घड़ी में हम मोदी परिवार के साथ हैं। उनकी मां की आत्मा को शांति मिले।’’

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने हीराबेन को भक्ति, तपस्या और कर्म की त्रिवेणी बताया। उन्होंने एक ट्वीट में कहा, ‘‘भक्ति, तपस्या और कर्म की त्रिवेणी, नरेन्द्र मोदी जी जैसे महान व्यक्तित्व को गढ़ने वाली मां के चरणों में सादर प्रणाम। पूज्य मां सदैव प्रेरणा बनी रहेंगी।’’

छत्तीसगढ़ की राज्यपाल अनुसुइया उइके और मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है। एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि राज्यपाल ने उनकी आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की है और प्रधानमंत्री मोदी के परिवार के सदस्यों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सहित देश के सभी लोगों की सहानुभूति प्रधानमंत्री के साथ है।

मुख्यमंत्री बघेल ने ट्वीट कर कहा, ‘‘माननीय प्रधानमंत्री जी को मातृ शोक का दुखद समाचार प्राप्त हुआ। मां का जाना जीवन से मुख्य आधार स्तंभ के ढह जाने जैसा होता है। एक ऐसी क्रिया, जिसकी शून्यता सदैव अनुभव होती है। इस शोक की घड़ी में ईश्वर नरेंद्र मोदी जी, उनके परिवारजनों को साहस और माता जी को श्री चरणों में स्थान दे।’’

भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह ने ट्वीट किया, ‘‘मां जब भी छोड़ कर जाती हैं, सारा घर सूना हो जाता है। माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी की माता हीराबेन मोदी जी का निधन अत्यंत भावुक क्षण है। श्री कृष्ण जी से प्रार्थना है कि उन्हें बैकुंठ धाम में स्थान और श्री मोदी जी समेत सभी परिजनों को इस कठिन समय में धैर्य प्रदान करें।’’

उन्होंने कहा, ‘‘जिन प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी की कार्यशाली से आज सारा विश्व प्रभावित होता है ऐसे अद्भुत व्यक्तित्व की जननी हीरा बा को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। दुःख के इस समय में छत्तीसगढ़ भाजपा और सारा प्रदेश माननीय श्री मोदी जी के साथ खड़ा है।’’

भाषा सुरभि मनीषा

मनीषा

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments