पणजी, 24 दिसंबर (भाषा) गोवा में विदेशों से बड़ी संख्या में लोग नववर्ष और क्रिसमस की छुट्टियां मनाने के लिए आ रहे हैं।
आतिथ्य उद्योग के सूत्रों ने बताया कि राज्य में होटल में बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। किसी भी तरह के कोविड-19 प्रतिबंध लागू नहीं करने संबंधी सरकार के फैसले से कारण लोग जश्न की तैयारियों में लगे हुए हैं।
मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने शुक्रवार को स्पष्ट किया था कि राज्य में दो जनवरी, 2023 तक महामारी संबंधी कोई प्रतिबंध नहीं लगाया जाएगा। हालांकि उन्होंने लोगों से खुद ही सावधानी बरतने की अपील की थी।
‘ट्रेवल एंड टूरिस्ट एसोसिएशन ऑफ गोवा’ (टीटीएजी) के अध्यक्ष नीलेश शाह ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, “इस साल हम पूरी तरह से सकारात्मक माहौल देख रहे हैं।”
उन्होंने कहा कि क्रिसमस और नववर्ष के लिए लगभग सभी होटल बुक हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि सावंत की इस घोषणा से भी पर्यटन उद्योग को मदद मिली है कि दो जनवरी तक कोई कोविड-19 प्रतिबंध नहीं लगाया जाएगा।
वहीं, पुलिस विभाग भी मुस्तैद है और राज्य में सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किये गये हैं। सड़कों पर यातायात पुलिस के जवानों को बड़ी संख्या में तैनात किया गया है।
भाषा जोहेब देवेंद्र
देवेंद्र
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
