scorecardresearch
Tuesday, 10 March, 2026
होमदेशशिशु की मौत को लेकर केरल के निजी अस्पताल में परिजनों ने चिकित्सकों की पिटाई की

शिशु की मौत को लेकर केरल के निजी अस्पताल में परिजनों ने चिकित्सकों की पिटाई की

Text Size:

कोच्चि (केरल), 24 दिसंबर (भाषा) केरल में कोच्चि के निकट मुवत्तुपुझा के एक निजी अस्पताल में एक महिला के परिजनों ने नवजात शिशु की मौत हो जाने पर चिकित्सकों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए उनके साथ कथित तौर पर मारपीट की।

पुलिस ने शनिवार को बताया कि इस संबंध में मुवत्तुपुझा में एक प्रसूति केंद्र की शिकायत पर महिला के पति समेत आठ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

अस्पताल प्रशासन ने बताया कि शुक्रवार शाम को जब महिला के रिश्तेदारों को बताया गया कि जांच के दौरान शिशु मृत पाया गया तब उन्होंने चिकित्सकों के साथ दुर्व्यवहार किया।

सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में नजर आ रहा है कि परिवार के नाराज सदस्य चिकित्सकों के साथ धक्कामुक्की कर रहे हैं और जब उन्होंने उन्हें समझाने की कोशिश की तो उन्होंने उनके साथ कथित तौर पर मारपीट की।

रिश्तेदारों ने आरोप लगाया कि वे काफी पहले ही अस्पताल पहुंच गये थे लेकिन चिकित्सकों ने तत्काल गर्भवती महिला का इलाज शुरू नहीं किया और इस कारण शिशु की मौत हो गयी।

हालांकि अस्पताल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी साबू जॉर्ज ने इन आरोपों का खंडन करते हुए कहा कि महिला को तीन दिन पहले ही भर्ती होने की सलाह दी गयी थी लेकिन वह असुविधा का हवाला देकर अस्पताल नहीं आयी। उनके अनुसार वह शुक्रवार दोपहर को पहुंची।

उन्होंने कहा, ‘‘रिश्तेदारों ने चिकित्सकों को यह बताने तक नहीं दिया कि हुआ क्या है। यह बहुत पीड़ादायक है..महिला के पति ने मुझे दो बार पीटा। एक अन्य चिकित्सक ने जब उसे रोकने की कोशिश की तब उन्हें भी पीटा गया।

महिला की स्थिति स्थिर बतायी गयी है।

पुलिस ने बताया कि उन्हें अभी तक इस संबंध में महिला के परिजनों से कोई शिकायत नहीं मिली है।

भाषा

राजकुमार देवेंद्र

देवेंद्र

देवेंद्र

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments