scorecardresearch
Sunday, 8 March, 2026
होमदेशभाजपा ने राजस्थान में अपनी ‘जन आक्रोश यात्रा’ टाली

भाजपा ने राजस्थान में अपनी ‘जन आक्रोश यात्रा’ टाली

Text Size:

नयी दिल्ली, 22 दिसंबर (भाषा) विश्वभर में कोरोना वायरस संक्रमण के बढ़ते मामलों के मद्देनजर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने राजस्थान में अशोक गहलोत के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार के खिलाफ निकाली गई ‘‘जन आक्रोश यात्रा’’ स्थगित कर दी है।

भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव व राजस्थान के प्रभारी अरुण सिंह ने यह जानकारी दी।

आगामी राजस्थान विधानसभा चुनावों के मद्देनजर भाजपा के अध्यक्ष जे. पी. नड्डा ने एक दिसंबर को जन आक्रोश यात्रा शुरू की थी। कार्यक्रम के मुताबिक इस यात्रा को 75,000 किलोमीटर की दूरी तय करनी थी।

पार्टी ने तय किया किया था यात्रा के दौरान दो करोड़ लोगों से संपर्क किया जाएगा और भाजपा की नीतियों को उन तक पहुंचाया जाएगा।

सिंह ने कहा, ‘‘कोविड-19 के बढ़ते मामलों के मद्देनजर भाजपा ने राजस्थान में जन आक्रोश यात्रा स्थगित कर दी है। भाजपा के लिए राजनीति से पहले देश की जनता है। हमारे लिए लोगों की सुरक्षा और उनका स्वास्थ्य प्राथमिकता है।’’

कांग्रेस की ‘‘भारत जोड़ो यात्रा’’ को सुबह और शाम की सैर करार देते हुए भाजपा महासचिव ने आरोप लगाया कि वह राजनीतिक फायदे के लिए लोगों के जीवन से खिलवाड़ कर रही है।

उन्होंने कहा, ‘‘राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा फ्लॉप शो है। यह और कुछ नहीं बल्कि सुबह और शाम की सैर है। कांग्रेस को अपनी गंदी राजनीति के लिए देश की जनता के स्वास्थ्य से खिलवाड़ नहीं करना चाहिए।’’

ज्ञात हो कि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने बुधवार को ही विश्वभर में तेजी से बढ़ते कोविड-19 के ताजा मामलों को देखते हुए एक समीक्षा बैठक की थी।

इसके बाद उन्होंने लोगों को कोरोना वायरस संक्रमण से बचाव के नियमों का पालन करने, भीड़भाड़ वाली जगहों पर मास्क पहनने और टीकाकरण को लगातार जारी रखने की सलाह दी थी।

उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को पत्र लिखकर भारत जोड़ो यात्रा स्थगित करने को भी कहा था।

इस पर पलटवार करते हुए कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने कहा था, ‘‘ हमें आश्चर्य हो रहा है कि ऐसा ही पत्र राजस्थान में भाजपा के अध्यक्ष सतीश पूनिया को क्यों नहीं भेजा गया जो वहां जनाक्रोश यात्रा पर निकले हैं। हम समझते हैं कि उस जनाक्रोश यात्रा के प्रति बहुत उत्साह नहीं है, उसमें लोग नहीं आ रहे हैं।’’

मांडविया ने बृहस्पतिवार को संसद में कहा कि कोरोना महामारी अभी खत्म नहीं हुई है, कोविड समय-समय पर अपना स्वरूप बदल रहा है, ऐसे में टीका लेने के साथ सभी को सतर्क रहना चाहिए एवं सुरक्षा उपायों का पालन करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि आने वाले त्योहार और नये साल के मद्देनजर राज्यों को सतर्क रहकर लोगों को मास्क पहनने, हाथ धोने, साफ-सफाई और सामाजिक दूरी बनाये रखने जैसे प्रोटोकाल के प्रति जागरूक करने की सलाह दी गयी है।

भाषा ब्रजेन्द्र ब्रजेन्द्र संतोष

संतोष

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments